Thursday, 19 November 2026
करोड़ों का कपड़ा कारोबार छोड़कर एक ही परिवार के चार सदस्य अपनाएंगे जैन संन्यास

करोड़ों का कपड़ा कारोबार छोड़कर एक ही परिवार के चार सदस्य अपनाएंगे जैन संन्यास

करोड़ों का कपड़ा कारोबार छोड़कर एक ही परिवार के चार सदस्य अपनाएंगे जैन संन्यास

15 करोड़ रुपये सालाना टर्नओवर वाले व्यवसाय को त्यागकर 8 फरवरी 2027 को लेंगे जैन दीक्षा

उदयपुर (राजस्थान)। बिग बॉस इण्डिय टूडे ब्यूरो 

धन-दौलत, कारोबार और भौतिक सुख-सुविधाओं का त्याग कर आध्यात्मिक मार्ग अपनाने की एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। राजस्थान के उदयपुर जिले के एक परिवार के चार सदस्य करोड़ों रुपये का कपड़ा कारोबार छोड़कर जैन संन्यास ग्रहण करने जा रहे हैं। इस परिवार ने गुजरात के सूरत में वर्षों की मेहनत से लगभग 15 करोड़ रुपये सालाना टर्नओवर वाला कपड़ा कारोबार स्थापित किया था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिलीप भाई भोगर (47), उनकी पत्नी ज्योति बेन (45) तथा उनकी दो बेटियां छवि (22) और चारवी (14) आगामी 8 फरवरी, 2027 को सूरत में जैन दीक्षा ग्रहण करेंगी। परिवार की एक अन्य बेटी शैली ने वर्ष 2023 में ही जैन दीक्षा ले ली थी और अब वह साध्वी दर्शिता के नाम से जानी जाती हैं।

छोटी दुकान से खड़ा किया करोड़ों का कारोबार

दिलीप भाई मूल रूप से उदयपुर जिले के जसवंतगढ़ गांव के निवासी हैं। वह रोजगार की तलाश में सूरत पहुंचे थे, जहां उन्होंने एक छोटी-सी दुकान से कपड़े बेचने का काम शुरू किया। अपनी मेहनत और लगन से उन्होंने कारोबार का विस्तार किया। धीरे-धीरे दो अन्य दुकानें खोलीं और कई मशीनें लगाकर कपड़ा व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनका कारोबार लगभग 15 करोड़ रुपये सालाना टर्नओवर तक पहुंच गया था।

कारोबार को और आगे बढ़ाने की योजना के बीच उनकी मुलाकात एक जैन आचार्य से हुई। इस मुलाकात ने उनके जीवन की दिशा बदल दी और जैन धर्म तथा आध्यात्मिक जीवन के प्रति उनकी रुचि गहरी होती चली गई।

बेटी की दीक्षा के बाद लिया परिवार सहित त्याग का निर्णय

वर्ष 2023 में उनकी बेटी शैली के जैन दीक्षा ग्रहण करने के बाद दिलीप भाई ने भी सांसारिक जीवन और कारोबार छोड़ने का मन बना लिया। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे अपना व्यवसाय समेटना शुरू कर दिया। उनकी पत्नी ज्योति बेन और दोनों बेटियों छवि तथा चारवी ने भी उनके साथ आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का निर्णय लिया।

छवि ने ग्राफिक डिजाइनिंग में बैचलर ऑफ आर्ट्स (बीए) की पढ़ाई की है। वह क्रोशिया से बनी सजावटी एवं उपयोगी वस्तुओं का व्यवसाय भी करती थीं। लेकिन पिता के संन्यास लेने के निर्णय के बाद उन्होंने भी करीब चार महीने बाद अपना काम छोड़ दिया।

वहीं, 14 वर्षीय चारवी ने नौवीं कक्षा के दौरान ही पढ़ाई छोड़ दी थी। वह सूरत में जिला स्तर पर फुटबॉल भी खेल चुकी हैं।

दीक्षा से पहले ले रहे हैं साधु जीवन का प्रशिक्षण

जैन दीक्षा ग्रहण करने से पहले परिवार के चारों सदस्य कुछ समय तक जैन साधु-संतों के साथ रह रहे हैं, ताकि वे साधु जीवन की दिनचर्या, पैदल यात्रा, भोजन संबंधी नियमों और अनुशासन को समझ सकें। इसका उद्देश्य उन्हें सांसारिक जीवन का पूर्ण त्याग करने के बाद आने वाली चुनौतियों के लिए मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से तैयार करना है।

एक ओर जहां परिवार ने वर्षों की मेहनत से करोड़ों रुपये का कारोबार खड़ा किया, वहीं अब सभी भौतिक सुख-सुविधाओं को छोड़कर आध्यात्मिक साधना का मार्ग चुनने जा रहे हैं। यह घटना त्याग, आस्था और आध्यात्मिक विश्वास की चर्चा का विषय बनी हुई है।

Published on: 18 Nov 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111