कांग्रेस हाईकमान का बड़ फैसला राजा बड़िंग बने रहेंगे पंजाब अध्यक्ष
सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को बनाया कैंपेन कमेटी का चेयरमैन
चंडीगढ़ - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस हाईकमान ने राज्य में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए चुनावी तैयारियों को गति दे दी है। पार्टी ने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पंजाब कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने का फैसला किया है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को कैंपेन कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
प्रताप सिंह बाजवा कांग्रेस विधायक दल के नेता बने रहेंगे। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने नई संगठनात्मक समितियों की सूची जारी की। बताया जा रहा है कि इन नियुक्तियों को अंतिम रूप देने से पहले दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान ने लगातार कई बैठकें कर चुनावी रणनीति तैयार की थी।
कांग्रेस ने विजय इंदर सिंगला को इलेक्शन मैनेजमेंट एंड कोऑर्डिनेशन कमेटी का चेयरपर्सन बनाया है। वहीं सुखजिंदर सिंह रंधावा को कोर कमेटी की कमान और डॉ. अमर सिंह को मेनिफेस्टो कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
पार्टी ने संगठन और चुनावी तैयारियों को मजबूत करने के लिए विभिन्न समितियों में कुल 21 वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया है। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन बनाए रखना तथा गुटबाजी को कम करना बताया जा रहा है।
कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी में तीन नए वर्किंग प्रेसिडेंट भी नियुक्त किए हैं। इनमें सुखविंदर सिंह डैनी, राज कुमार वेरका और पूर्व मंत्री संगत सिंह गिलजियां को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं कैंपेन कमेटी में सुखपाल सिंह खैहरा, राणा गुरजीत सिंह और सांसद डॉ. धर्मवीर गांधी को को-चेयरपर्सन बनाया गया है।
इलेक्शन मैनेजमेंट एंड कोऑर्डिनेशन कमेटी में पूर्व डिप्टी सीएम ओपी सोनी, पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना, भारत भूषण आशु, कुलजीत सिंह नागरा और अंगद सिंह सैनी को को-चेयरपर्सन बनाया गया है।
इसी तरह मेनिफेस्टो कमेटी में सांसद गुरजीत सिंह औजला, विधायक परगट सिंह, पूर्व विधायक हरदयाल सिंह कंबोज और पूर्व मंत्री सुखबिंदर सिंह सरकारिया को भी अहम जिम्मेदारी दी गई है।