जम्मू-कश्मीर भूस्खलन के कारण यातायात हुआ अवरुद्ध
जम्मू-कश्मीर- बी बी आई टी ब्यूरो
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर करोल ब्रिज और चंदरकोट के बीच भारी भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार,सुबह करीब 3 बजे पहाड़ियों से अचानक बड़े-बड़े पत्थर गिरने लगे और साथ ही मिट्टी खिसकने से सड़क के दोनों ओर रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।
इस घटना के कारण जम्मू से श्रीनगर और श्रीनगर से जम्मू जाने वाले सैकड़ों वाहन बीच रास्ते में फंस गए हैं। यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां यातायात को बहाल करने के प्रयास में जुटी हुई हैं। मशीनों और राहत टीमों को मौके पर भेजा गया है, जो मलबा हटाने का काम कर रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश और कमजोर पहाड़ी ढलानों के कारण भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में यात्रियों से अपील की गई है कि वे फिलहाल इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें।