जालंधर देहात पुलिस की बड़ी सफलता
25 लाख रुपए मुल्य के गुम व चोरी हुए 120 मोबाइल फोन असली मालिकों को वापस लौटाए
जालन्धर - एस एन एन
पंजाब पुलिस की ओर से लोगों की जान व माल की सुरक्षा के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत जालंधर देहात पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुम हुए 120 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिये।
मीडिया से बातचीत करते हुए वरिष्ठ पुलिस कप्तान, जालंधर देहात, हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि उनके दिशा-निर्देशों तथा पुलिस कप्तान (जांच) वनीत अहलावत की अगुवाई में जिला सांझ केंद्र और CIA स्टाफ की टीमों ने लगातार तकनीकी जांच और साइबर ट्रैकिंग के जरिए यह सफलता हासिल की है।
उन्होंने बताया कि गुम हुए मोबाइल फोन संबंधी शिकायतों को सांझ केंद्रों में दर्ज कर (CEIR Portal) केन्द्रीय एकयूपमैंट आईडेटिटी रजिस्टर पर अपलोड किया जाता है। इस पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन की ट्रेसिंग कर विस्तृत डेटा विश्लेषण के बाद संबंधित थानों और सी आई ए स्टाफ की मदद से बरामदगी सुनिश्चित की जाती है।
इस विशेष अभियान के दौरान सब-इंस्पेक्टर दलविंदर सिंह और इंस्पेक्टर पुष्प बाली की निगरानी में पुलिस टीमों ने दिन-रात मेहनत करते हुए करीब ₹25 लाख कीमत के 120 मोबाइल फोन बरामद किए। एस एस पी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि नई बरामदगी के साथ अब तक कुल 419 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इस सफलता से जालंधर देहात पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, क्योंकि मोबाइल फोन में निजी जानकारी, बैंकिंग डिटेल्स और अन्य महत्वपूर्ण डेटा मौजूद होता है। समय पर शिकायत दर्ज कराने से मोबाइल की रिकवरी के साथ-साथ उसके गलत इस्तेमाल को भी रोका जा सकता है।