भाग - 2
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027
जालंधर सेंट्रल में भाजपा की टिकट के लिए घमासान
'एक अनार, सौ बीमार'
भाजपा टिकट के लिए दावेदारौ की लगी लम्बी कतार
विशेष राजनीतिक विश्लेषण
रमेश महेन्द्रू - मुख्य संपादक
बिग बॉस इण्डिय टूडे
जालन्धर केन्द्रीय विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट के प्रमुख दावेदार व सम्भावित प्रत्याशी
1. मनोरंजन कालिया
अनुभव, राजनीतिक कद और मजबूत व्यक्तिगत नेटवर्क
जालंधर सेंट्रल से भाजपा की टिकट के दावेदारों में सबसे प्रमुख नाम पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया का माना जा रहा है।
पूर्व पंजाब भाजपा अध्यक्ष और पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके कालिया लंबे समय तक जालंधर की राजनीति में प्रभावशाली भूमिका निभाते रहे हैं। वर्ष 1992 से 2022 तक जालंधर की भाजपा राजनीति में उनका दबदबा रहा। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सात विधानसभा चुनाव लड़े, जिनमें चार बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
इसके बावजूद उनकी राजनीतिक पहचान और व्यक्तिगत जनसंपर्क आज भी मजबूत माने जाते हैं। पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं से लेकर व्यापारिक और सामाजिक वर्गों तक उनका अपना नेटवर्क है।
हालांकि, उनके लंबे राजनीतिक अनुभव के साथ यह सवाल भी जुड़ा है कि क्या भाजपा अब नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने का निर्णय लेगी? क्या पार्टी एक बार फिर अनुभवी कालिया पर भरोसा जताएगी?
फिलहाल कालिया की सक्रियता और भाजपा के समर्थन में शहर में लगाए गए उनके बोर्ड राजनीतिक चर्चा का विषय बने हुए हैं।
राजनीतिक आकलन: अनुभव, पहचान और व्यक्तिगत नेटवर्क उनकी सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि भाजपा उन्हें टिकट देती है तो वह विपक्षी दलों को कड़ी चुनौती दे सकते हैं।
2. राकेश राठौर
पूर्व मेयर, प्रदेश उपाध्यक्ष और संगठन में पहचान
जालंधर के पूर्व मेयर एवं पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष राकेश राठौर भी टिकट के प्रमुख दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं।
राठौर का चेहरा और नाम शहर के राजनीतिक गलियारों में जाना-पहचाना है। मेयर के रूप में उनका कार्यकाल रहा है और शहर में उनका बड़ा व्यावसायिक आधार भी है। संत ब्रास के नाम से उनका कारोबार जाना जाता है।
उनका मूल संबंध हिमाचल प्रदेश से बताया जाता है। पहले उनका निवास जालंधर नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र में था, जबकि वर्तमान निवास जालंधर सेंट्रल में है।
हाल के समय में वह विधानसभा क्षेत्र के लोगों से लगातार संपर्क बना रहे हैं। शहर में उनके फ्लेक्स और प्रचार बोर्ड भी उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा को दर्शाते हैं।
करीब एक महीने पहले उस समय वह विशेष चर्चा में आए, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भाजपा की नशामुक्ति रैली के दौरान उनके निवास स्थान पर दोपहर का भोजन किया। यह मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय बनी।
राजनीतिक आकलन: पूर्व मेयर का अनुभव, प्रदेश संगठन में पद और कारोबारी नेटवर्क उनकी ताकत हैं। हालांकि, उन्हें यह साबित करना होगा कि क्षेत्र के मतदाताओं के बीच उनकी व्यक्तिगत राजनीतिक पकड़ कितनी मजबूत है।
3. अनिल सच्चर
संगठनात्मक अनुभव और व्यापारी वर्ग में मजबूत पहचान
पूर्व पंजाब भाजपा प्रदेश सचिव अनिल सच्चर भी जालंधर सेंट्रल से टिकट के इच्छुक नेताओं में शामिल बताए जा रहे हैं।
वह दो बार पंजाब भाजपा के प्रदेश सचिव रह चुके हैं और संगठन में वार्ड तथा जिला स्तर पर कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वर्ष 2012 में उन्होंने भाजपा की टिकट पर पार्षद का चुनाव भी लड़ा था, हालांकि उन्हें सफलता नहीं मिली थी।
पेशे से व्यापारी सच्चर वर्तमान में जालंधर जिला होलसेल कपड़ा व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। व्यापारिक वर्ग में उनकी अच्छी पहचान है। वर्तमान में उन्हें जगरांव चुनाव का प्रभारी भी बनाया गया है।
उन्होंने भी शहर में अपने प्रचार बोर्ड लगवाकर अपनी राजनीतिक सक्रियता और टिकट के प्रति रुचि जाहिर की है।
उन्हें मनोरंजन कालिया का करीबी माना जाता है।
राजनीतिक आकलन: संगठनात्मक अनुभव, व्यापारिक वर्ग में संपर्क और पार्टी के भीतर लंबे समय से सक्रियता उनकी ताकत है। हालांकि, विधानसभा स्तर पर व्यापक जनाधार साबित करना उनके सामने बड़ी चुनौती होगी।
4. मनोज अग्रवाल
कांग्रेस से भाजपा तक, व्यापारी और अग्रवाल समाज में सक्रिय चेहरा
पंजाब भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनोज अग्रवाल का नाम भी टिकट की दौड़ में चर्चा में है।
अग्रवाल समाज में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके मनोज अग्रवाल वर्तमान में अग्रवाल समाज की पंजाब कार्यकारिणी में सचिव हैं। कांग्रेस में रहते हुए भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया और पंजाब सरकार के अग्रवाल समाज वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन रहे।
हाल ही में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। पेशे से व्यापारी और मिलनसार स्वभाव के कारण उनकी सामाजिक गतिविधियां लगातार चर्चा में रहती हैं। सोशल मीडिया पर भी वह काफी सक्रिय दिखाई देते हैं।
मनोज अग्रवाल को भी मनोरंजन कालिया का करीबी माना जाता है और शहर के अनेक कार्यक्रमों में वह उनके साथ नजर आते हैं।
राजनीतिक आकलन: अग्रवाल समाज में पहचान, राजनीतिक अनुभव और व्यापारी वर्ग से संपर्क उनकी ताकत हो सकते हैं। हालांकि, भाजपा में उनका अपेक्षाकृत नया प्रवेश और संगठन के भीतर स्वीकार्यता उनकी दावेदारी को प्रभावित कर सकती है।
5. शैली खन्ना
महिला नेतृत्व और महिला आरक्षण का राजनीतिक समीकरण
पूर्व पार्षद एवं जिला जालंधर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शैली खन्ना भी इस दौड़ में एक महत्वपूर्ण नाम हैं।
पार्टी के कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है। वह महिला मोर्चा के माध्यम से भाजपा की नीतियों और कार्यक्रमों का प्रचार-प्रसार करती रही हैं। सोशल मीडिया पर एक्टिंग रहना ही इनकी पहचान व शौंक है।
आज के राजनीतिक दौर में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की चर्चा लगातार तेज हो रही है। ऐसे में भाजपा यदि महिला प्रत्याशी के रूप में किसी चेहरे को आगे लाने का फैसला करती है तो शैली खन्ना की दावेदारी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
राजनीतिक आकलन: महिला नेतृत्व, पूर्व पार्षद का अनुभव और संगठनात्मक सक्रियता उनकी ताकत हैं। हालांकि, उन्हें विधानसभा क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क और मजबूत चुनावी आधार प्रदर्शित करना होगा।
6. अमरजीत सिंह अमरी
सिख चेहरा और सर्वसमाज में स्वीकार्यता
पंजाब भाजपा सचिव अमरजीत सिंह अमरी भी टिकट की दौड़ में एक महत्वपूर्ण दावेदार माने जा रहे हैं।
अमरी जालंधर शहरी युवा मोर्चा के अध्यक्ष सहित संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उनकी पहचान एक मिलनसार, सक्रिय और जमीनी नेता के रूप में बताई जाती है। विभिन्न वर्गों के लोगों के सुख-दुख में शामिल होने के कारण उनका सामाजिक संपर्क भी चर्चा में रहता है।
वर्ष 2007 में उन्होंने भाजपा की टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ा था, लेकिन पार्टी की अंदरूनी खींचतान और एकजुटता की कमी के चलते उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
जालंधर सेंट्रल के सामाजिक और धार्मिक समीकरणों को देखते हुए अमरी एक सिख चेहरे के रूप में भाजपा के लिए महत्वपूर्ण विकल्प बन सकते हैं।
राजनीतिक आकलन: संगठनात्मक अनुभव, सामाजिक संपर्क और सिख समुदाय में प्रतिनिधित्व उनकी ताकत हैं। भाजपा यदि सर्वसमाज में स्वीकार्य प्रत्याशी की तलाश करती है तो उनका नाम गंभीरता से विचारणीय हो सकता है।
क्रम:शुल्क
हमारा तृतीया भाग अवश्य पढ़े