जालंधर के न्यू मॉडल हाउस इलाके में कथित देह व्यापार को लेकर हंगामा
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कई लोगों से की पूछताछ, कुछ युवकों को थाने ले जाया गया
जालन्धर। एस एन एन
महानगर के न्यू मॉडल हाउस इलाके में एक मकान के अंदर कथित तौर पर देह व्यापार का धंधा चलने के आरोपों को लेकर उस समय हंगामा हो गया, जब मोहल्ले के लोगों ने मकान में कुछ लड़के और लड़कियों के मौजूद होने पर विरोध जताया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि एक महिला ने इलाके में मकान किराये पर लिया हुआ है, जहां कथित तौर पर देह व्यापार का काम करवाया जा रहा है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, महिला को कई बार मकान और कमरे खाली करने के लिए कहा गया, लेकिन इसके बावजूद मकान खाली नहीं किया गया। इस मामले को लेकर पहले भी महिला और मोहल्ले के लोगों के बीच विवाद हो चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में मोहल्ला निवासी एकत्रित हो गए और विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। वहीं, महिला ने मोहल्ले के लोगों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उसका आसपास के लोगों के साथ पहले से विवाद चल रहा है और इसी रंजिश के चलते उसे निशाना बनाया जा रहा है। महिला ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच करवाकर न्याय दिलाने की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर संबंधित थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की तथा कुछ लोगों को अपने साथ थाने ले गई।
मामले को लेकर पुलिस अधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मकान के अंदर लड़के और लड़कियां पकड़े गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और जांच-पड़ताल की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल इस मामले में किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।