जालंधर-अमृतसर हाईवे पर चलती कार को लगी आग
कार में सवार परिवार बाल बाल बचे
कार हूई जलकर राख
जालन्धर - एस एन एन
जालन्धर-अमृतसर हाईवे पर चलती कार में आग लग जाने की खबर है, जब ट्रांसपोर्ट नगर फ्लाईओवर पर चल रही एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन धू-धू कर जलने लगा।
गनीमत यह रही कि कार में सवार परिवार समय रहते बाहर निकल आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी।
कार को आग लगने की वजह तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट हो सकती है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
हाईवे पर चलती कार में आग लगना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। ऐसे मामलों में सबसे पहले वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोकना, सभी यात्रियों को बाहर निकालना और तुरंत फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना देना जरूरी होता है।
सौभाग्य से इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जायेगा।
कार मालिक मलकीत सिंह ने बताया कि वह आदमपुर के गांव तलवंडी रईया के निवासी हैं, अपने परिवार के साथ जालंधर स्थित एक निजी अस्पताल जा रहे थे। उनके पिता अस्पताल में भर्ती थे और परिवार उनसे मिलने के लिए निकला था।