जालन्धर रेलवे ट्रैक पार करते समय एक युवक ट्रेन की चपेट में आया,मौत
जालन्धर - एस एन एन
जालन्धर शहर के डीएवी कालेज हालट के समीप एक युवक की ट्रेन से कट कर मृत्यु हो जाने की खबर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब वह युवक मोबाइल सुनते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था और ऊपर से ट्रेन आ गई
मृतक की पहचान जम्मू के विजयपुर निवासी सुखविंदर कुमार उर्फ टिंकू के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से जालंधर में रह रहा था और सब्जी बेचने का काम करता था। घटना के बाद परिवार को सूचना दे दी गई है।
जानकारी के अनुसार सुखविंदर जालंधर में एक सब्जी विक्रेता के यहां काम करता था और रोजाना की तरह शाम को ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
मृतक के मालिक सौरभ ने बताया कि उनकी सब्जी की दुकान है, जहां सुखविंदर पिछले चार साल से कार्यरत था। कल शाम करीब साढ़े पांच बजे वह दुकान से छुट्टी लेकर अपने घर के लिए निकला था।
बताया जा रहा है कि जब वह रेलवे ट्रैक के पास पहुंचा तो उसके मोबाइल पर किसी की कॉल आ गई। वह फोन पर बात करते हुए रेलवे लाइन पार करने लगा। इसी दौरान दूसरी दिशा से तेज रफ्तार ट्रेन आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आसपास मौजूद लोगों ने युवक को कई बार आवाज लगाकर सावधान करने की कोशिश की, लेकिन वह मोबाइल पर बातचीत में इतना व्यस्त था कि उसे ट्रेन के आने का आभास नहीं हुआ।
कुछ ही सेकंड में ट्रेन उसकी चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
जीआरपी थाने के हेड कांस्टेबल प्रीतपाल सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
उन्होंने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है ताकि हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पुष्टि की जा सके।