Tuesday, 9 June 2026
जालन्धर में विकास कार्यों के लिए 33 करोड़ का प्लान तैयार

जालन्धर में विकास कार्यों के लिए 33 करोड़ का प्लान तैयार

जालन्धर में विकास कार्यों के लिए 33 करोड़ का प्लान तैयार

फाइनेंस एंड कांट्रेक्ट कमेटी की मीटिंग 1 जून को

जालंधर - रमेश महेन्द्रू

नगर-निगम जालन्धर  की फाइनेंस एंड कांट्रेक्ट कमेटी (एफएंडसीसी) की बैठक में 32.93 करोड़ रुपये के होने वाले विकास कामों का प्लान तैयार किया है। शहर के विकास कामों के प्रस्तावों पर मुहर लगाने को लेकर 1 जून को एफएंडसीसी की बैठक बुलाई है। यह जानकरी मेयर विनीत धीर ने दी।

मेयर वनीत धीर ने शहर के विकास कार्यों के लिए 32.93 करोड़ रुपये के प्लान को अंतिम रूप दे दिया है। अब इस प्रस्ताव को मंजूरी के लिए फाइनेंस एंड कांट्रेक्ट कमेटी (एफएंडसीसी) की बैठक 1 जून को सुबह 11 बजे आयोजित होगी, जिसमें मेयर वनीत धीर, नगर निगम कमिश्नर संदीप ऋषि सहित सभी सदस्य शामिल होंगे।

मेयर धीर ने बताया कि नगर निगम की ओर से वर्ष 2025 से अब तक विकास कार्यों को लेकर 10 बार एफएंडसीसी बैठकों में एजेंडा रखा जा चुका है, लेकिन यह 11वीं बैठक होगी जिसमें पहली बार इतने बड़े पैमाने पर विकास योजनाओं का प्रस्ताव पेश किया जाएगा। मेयर ने कहा कि शहर के विकास कार्यों पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

प्रस्तावित बजट में सबसे बड़ा हिस्सा सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए रखा गया है। इस मद में 23.75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं सीवरेज और पेयजल परियोजनाओं के लिए 2.97 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। शहर के पार्कों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए 2.74 करोड़ रुपये की लागत से रबड़ आधारित सिंथेटिक ट्रैक बनाए जाएंगे, ताकि मॉर्निंग वॉक और जॉगिंग करने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।

इसके अलावा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1.77 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मिट्ठापुर हॉकी स्टेडियम में पवेलियन के शेष कार्यों तथा जोनल कार्यालयों के निर्माण पर 1.70 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रस्ताव है।

वेस्ट विधानसभा क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को शामिल किया गया है। जेपी नगर की विभिन्न सड़कों के निर्माण पर 96.12 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं श्री गुरु रविदास चौक से मॉडल हाउस मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण और बीसी लुक-बजरी बिछाने के लिए करीब 95.17 लाख रुपये मंजूर किए जाने का प्रस्ताव है।

शहर में पहली बार कई प्रमुख पार्कों में ईपीडीएम (रबड़) से बने सिंथेटिक ट्रैक तैयार किए जाएंगे। इनमें बड़िंग, जीजीएस एवेन्यू स्थित महाराजा अग्रसेन पार्क, सेंट्रल टाउन, काजी मंडी पार्क, महाराजा रणजीत सिंह एवेन्यू पार्क, सूर्या एनक्लेव के 4 मरला ब्लॉक तथा नेताजी पार्क शामिल हैं।

Published on: 30 May 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111