Tuesday, 9 June 2026
जालन्धर में ई डी के समक्ष पेश हुए आप विधायक रमन अरोड़ा

जालन्धर में ई डी के समक्ष पेश हुए आप विधायक रमन अरोड़ा

जालन्धर में ई डी के समक्ष पेश हुए आप विधायक रमन अरोड़ा

आय से अधिक संपत्ति के मामले से जुड़ी शिकायत (मनी लांड्रिंग मामला)

जालंधर - रमेश महेन्द्रू

आम आदमी पार्टी के जालन्धर केन्द्रीय से विधायक रमन अरोड़ा सोमवार को इंफोर्समेंट डायरेक्टर के जालंधर कार्यालय में पूछताछ के लिए पहुंचे। ईडी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक मामले में जांच में शामिल होने के लिए समन जारी किया था। कार्यालय पहुंचने के बाद अधिकारियों ने नियमानुसार उनका मोबाइल फोन और अन्य निजी सामान जमा करवाया। 

जानकारी के अनुसार ईडी की जांच पंजाब विजिलेंस ब्यूरो द्वारा दर्ज किए गए आय से अधिक संपत्ति के मामले से जुड़ी हुई है। विजिलेंस पहले ही इस मामले में रमन अरोड़ा को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोप है कि विधायक के पास उनकी ज्ञात आय से करीब 1.10 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति पाई गई थी।

रमन अरोड़ा जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। विजिलेंस ब्यूरो की चार्जशीट में उन पर शहर के दुकानदारों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कथित वसूली करने के आरोप लगाए गए हैं। इसी एफआईआर के आधार पर ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत अपनी जांच शुरू की है।

जांच एजेंसियों के अनुसार विजिलेंस की पड़ताल में यह भी सामने आया कि विधायक ने कथित तौर पर असिस्टेंट टाउन प्लानर  सुखदेव वशिष्ठ के साथ मिलकर कुछ भवन मालिकों को अवैध नोटिस जारी करवाए। आरोप है कि इन नोटिसों के माध्यम से सीलिंग और तोड़फोड़ की कार्रवाई का डर दिखाकर मामलों को निपटाने के बदले रिश्वत मांगी गई।

ईडी अधिकारियों ने रमन अरोड़ा को 2 जून को जालंधर स्थित कार्यालय में पेश होने के निर्देश दिए थे, जहां उनका बयान दर्ज किया गया। वहीं, जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने भी पिछले वर्ष 23 अगस्त को उनके खिलाफ रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया था। हालांकि बाद में 22 सितंबर को स्थानीय अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी।

फिलहाल ईडी मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

Published on: 02 Jun 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111