जुलाई 2026 से पासपोर्ट बनवाना होगा महंगा
केंद्र सरकार ने बढ़ाई आवेदन फीस
नई दिल्ली :- बी बी आई टी डेस्क
विदेश यात्रा के लिए पासपोर्ट बनवाने की योजना बना रहे लोगों को अब पहले से अधिक शुल्क देना होगा। विदेश मंत्रालय द्वारा जारी गजट अधिसूचना के अनुसार पासपोर्ट नियम, 1980 में संशोधन करते हुए आवेदन शुल्क में वृद्धि की गई है। नई शुल्क दरें 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू होंगी।
सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के आवेदकों के लिए 36 पृष्ठों वाले सामान्य पासपोर्ट के आवेदन पर 2500 रुपये शुल्क देय होगा, जबकि विदेश से आवेदन करने पर 125 अमेरिकी डॉलर शुल्क निर्धारित किया गया है।
वहीं 36 पृष्ठों वाले पासपोर्ट की तत्काल सेवा के लिए 5000 रुपये तथा विदेश में 250 डॉलर शुल्क देना होगा।
इसके अतिरिक्त 60 पृष्ठों वाले जंबो पासपोर्ट के सामान्य आवेदन के लिए 3500 रुपये तथा विदेश में 175 डॉलर शुल्क निर्धारित किया गया है। 60 पृष्ठों वाले पासपोर्ट की तत्काल सेवा के लिए 6000 रुपये तथा विदेश में 300 डॉलर शुल्क देना होगा।
अधिसूचना के अनुसार 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के नाबालिग यदि 10 वर्ष की वैधता वाला पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं, तो वे भी इसी शुल्क संरचना के तहत आवेदन कर सकेंगे।
गौरतलब है कि पासपोर्ट आवेदन शुल्क में लगभग 14 वर्षों बाद वृद्धि की गई है। इससे पहले वर्ष 2012 में शुल्क संरचना में संशोधन किया गया था। नई दरें लागू होने के बाद पासपोर्ट बनवाने की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक महंगी हो जाएगी।