होशियारपुर सिविल अस्पताल में ही डेंगू का खतरा!
मरीजों के इलाज के लिए आने वाले अस्पताल में फैली गंदगी और जमा पानी से मच्छरों के पनपने की आशंका
होशियारपुर। बी बी आई टी डेस्क
पंजाब में डेंगू की रोकथाम को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। विभाग प्रत्येक शुक्रवार को ड्राई-डे मनाने और घरों व आसपास पानी जमा न होने देने की अपील करता है। लेकिन होशियारपुर के सिविल अस्पताल से सामने आई तस्वीरें स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली और अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
जानकारी के अनुसार, होशियारपुर सिविल अस्पताल में बने मेडिकल वार्ड के साथ लगते पार्क में पानी जमा होने और भारी मात्रा में गंदगी फैलने की शिकायत सामने आई है। जमा पानी में डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा पनपने की आशंका जताई जा रही है। चिंता की बात यह है कि इसी अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज अपना इलाज करवाने के लिए पहुंचते हैं।
अस्पताल प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल
स्वास्थ्य विभाग लोगों को अपने घरों, कूलरों, गमलों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा न होने देने की सलाह देता है। वहीं दूसरी ओर, यदि सरकारी अस्पताल परिसर में ही साफ-सफाई और पानी की निकासी के उचित प्रबंध नहीं होंगे तो आम जनता को डेंगू से बचाव का संदेश देना कितना प्रभावी होगा?
सामने आई तस्वीरों में अस्पताल परिसर में गंदगी और पानी जमा होने की स्थिति दिखाई दे रही है। ऐसे में अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी और नियमित सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
डॉक्टर ने दी सफाई, स्वास्थ्य विभाग की टीमें कर रहीं चेकिंग
इस संबंध में सिविल अस्पताल के डॉक्टर जगदीप ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लोगों के घरों में जाकर चेकिंग कर रही हैं। चेकिंग के दौरान जहां भी मच्छरों के लार्वा पाए जाते हैं, वहां पानी गिरवाया जाता है। लोगों को डेंगू से बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
हालांकि, जब अस्पताल परिसर में बने पार्क में फैली गंदगी और जमा पानी के बारे में सवाल किया गया तो डॉक्टर ने बताया कि वहां स्प्रे किया जाता है।
सबसे गंभीर सवाल यह है कि जिस अस्पताल में मरीज स्वस्थ होने की उम्मीद लेकर आते हैं, यदि उसी परिसर में मच्छरों के पनपने के अनुकूल परिस्थितियां मौजूद हों तो मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?
स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन को चाहिए कि अस्पताल परिसर में जमा पानी की तुरंत निकासी करवाई जाए, नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, मच्छरों के लार्वा की जांच करवाई जाए तथा आवश्यकतानुसार दवा का छिड़काव किया जाए।
अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन इन गंभीर सवालों पर कब संज्ञान लेते हैं और सिविल अस्पताल होशियारपुर को डेंगू के संभावित खतरे से सुरक्षित बनाने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।