गुरिंदरवीर सिंह कम समय में 100 मीटर दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय एथलीट बने
गोल्ड मेडल जीता,मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दी बधाई
रांची/जालन्धर - रमेश महेन्द्रू
पंजाब के युवा धावक गुरिंदरवीर सिंह ने रांची में आयोजित फेडरेशन कप एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय एथलेटिक्स के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। गुरिंदरवीर ने 100 मीटर दौड़ महज 10.09 सेकेंड में पूरी कर नया नेशनल रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही वह 10.10 सेकेंड से कम समय में 100 मीटर दौड़ पूरी करने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।
जालंधर जिले के पटियाल गांव से संबंध रखने वाले गुरिंदरवीर ने फाइनल मुकाबले में बेहतरीन रफ्तार दिखाते हुए गोल्ड मेडल भी अपने नाम किया। उनके इस प्रदर्शन ने भारतीय स्प्रिंटिंग को नई पहचान दी है और देशभर में खेल प्रेमियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है।
गुरिंदरवीर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के इस गबरू खिलाड़ी ने दो दिनों के भीतर दूसरा नेशनल रिकॉर्ड तोड़कर पूरे देश और दुनिया में पंजाब का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि पर पूरे पंजाब को गर्व है और खिलाड़ी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फेडरेशन कप में शुरुआत से ही शानदार फॉर्म में नजर आए गुरिंदरवीर ने अपने दमदार प्रदर्शन से यह साबित कर दिया कि भारतीय एथलेटिक्स अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई ऊंचाइयों को छूने के लिए तैयार है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि गुरिंदरवीर का यह प्रदर्शन आने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत के लिए नई उम्मीद बन सकता है।