फर्जी पुलिस वाला बनकर फल विक्रता से लूट
आई फोन 11 और 8000 रूपए लेकर हुए फरार
आरोपी की हूई पहचान,मामला दर्ज, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
लुधियाना - बी बी आई टी न्यूज
पंजाब के लुधियाना में फर्जी पुलिस कर्मी बनकर लूट करने का मामला सामने आ रहा है खबर है कि फर्जी पुलिस कर्मी बन युवक ने दो फल विक्रेताओं से कैश और मोबाइल फोन ठग लिया।
मिली जानकारी के मुताबिक लुधियाना के थाना जमालपुर क्षेत्र में एक युवक ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर दो फल विक्रेताओं से लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने अपनी पहचान उजागर होने के बाद उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता सुनील यादव ने पुलिस को बताया कि वह अपने चाचा के बेटे चंद किशोर यादव के साथ 33 फुटा रोड स्थित सरकारी फ्लैटों के पास फल बेच रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर आया और खुद को पुलिसकर्मी बताकर उनकी तलाशी लेने लगा।
इस दौरान आरोपी ने सुनील यादव की जेब से 2 हजार रुपये और चंद किशोर यादव का आईफोन-11 तथा 6 हजार रुपये अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद उसने दोनों को थाने ले जाने की बात कही और सुनील यादव को मोटरसाइकिल पर बैठाकर कुछ दूरी तक ले गया।
मौके का फायदा उठाते हुए आरोपी उसे रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। पीड़ितों ने आरोपी की तलाश की, जिसके बाद उसकी पहचान गुरजीत सिंह निवासी रविदास गुरुद्वारे के नजदीक, गांव झांडेवाल, लुधियाना के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी गुरजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच जारी है।