फर्जी अफसर बनकर ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार
जालन्धर - एस एन एन
पुलिस ने फर्जी अफसर बनकर ठगी करने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला डॉक्टर, पुलिस इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और एएसआई जैसी सरकारी नौकरियां दिलाने का झांसा देती थी।
मिली जानकारी के मुताबिक जो खुद को बड़ी प्रशासनिक अधिकारी बताकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर रही थी। आरोपी महिला पूजा ठाकुर जालंधर हाइट्स-3 में रहती थी और डॉक्टर, पुलिस इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और एएसआई जैसी सरकारी नौकरियां दिलाने का झांसा देती थी। पुलिस ने बताया कि एजीआई के डॉक्टर मनमहक की ओर से शिकायत मिली थी। शिकायत में बताया गया कि पूजा ठाकुर ने गृह मंत्रालय में जान-पहचान का दावा करते हुए उनके करीबियों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और इसके बदले मोटी रकम वसूली।
पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को आईएएस अधिकारियों की करीबी बताकर लोगों को झांसे में लेती थी। वह एएसआई भर्ती के लिए 3 लाख रुपये, कॉन्स्टेबल के लिए डेढ़ लाख रुपये, डॉक्टर के लिए डेढ़ लाख रुपये और नर्स के लिए एक लाख रुपये तक वसूलती थी।
पुलिस ने उसके पास से 20 फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर बरामद किए हैं। साथ ही उसका मोबाइल और लैपटॉप भी फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के पास पहले से तैयार लेटर पैड और फर्जी दस्तावेज मौजूद थे, जिनके जरिए वह लोगों को ठगती थी।
पुलिस को शक है कि इस पूरे मामले के पीछे एक बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह सक्रिय है, जिसकी कड़ियां दिल्ली से जुड़ी हो सकती हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।