फाजिल्का में दिल दहला देने वाली वारदात, आरोपी पति गिरफ्तार
समझौते के बहाने बुलाकर तलाकशुदा पत्नी की हत्या
फाजिल्का - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
पंजाब के फाजिल्का जिले के गांव जंडवाला मीरासंगला में एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी तलाकशुदा पत्नी को दोबारा घर बसाने और समझौता करने का भरोसा देकर बुलाया, फिर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
मृतका की पहचान 42 वर्षीय सरोज रानी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका पूर्व पति गुरमीत सिंह, निवासी गांव जंडवाला मीरासंगला, बताया गया है। दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके चलते करीब दो वर्ष पहले उनका तलाक हो गया था। तलाक के बाद सरोज रानी अपने मायके में रह रही थी।
पुलिस के अनुसार, गुरमीत सिंह ने फोन कर सरोज रानी को दोबारा साथ रहने और समझौता करने का प्रस्ताव दिया तथा मिलने के लिए बुलाया। परिवार के मुताबिक, सरोज रानी के पहुंचने पर आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर गांव के मेले में लेकर गया। इस दौरान दोनों की एक वीडियो रील भी बनाई गई, जिसे बाद में सोशल मीडिया पर साझा किया गया।
आरोप है कि मेले से लौटने के बाद गुरमीत सिंह अपनी पूर्व पत्नी को खेतों की ओर ले गया, जहां सुनसान स्थान पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने धारदार हथियार (कापा) से सरोज रानी पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पास में बकरियां चरा रहे एक व्यक्ति ने महिला की चीखें सुनीं और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना खुईखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को गड्ढे से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए फाजिल्का के सिविल अस्पताल भेज दिया।
मृतका की बेटियों ने आरोप लगाया कि उनके पिता ने उनकी मां को दोबारा घर बसाने का झांसा देकर बुलाया और विश्वासघात करते हुए उसकी हत्या कर दी। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई तथा न्याय की मांग की है।
पुलिस अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पूर्व पत्नी के चरित्र पर संदेह था। मृतका के पिता पहलवान सिंह के बयान के आधार पर थाना खुईखेड़ा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी गुरमीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।