Thursday, 19 November 2026
फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा

फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा

फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा

दो बच्चों सहित चार लोगों की मौत, कई घायल

शादी समारोह से लौट रहे परिवार की क्रूजर गाड़ी की पिकअप से हुई टक्कर, हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त

फाजिल्का । शिखा न्यूज नेटवर्क 

फाजिल्का-फिरोजपुर हाईवे पर गांव बहक खास के नजदीक एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दो मासूम बच्चों सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा क्रूजर गाड़ी और पिकअप वाहन के बीच जोरदार टक्कर होने के कारण हुआ। टक्कर इतनी भयानक थी कि क्रूजर गाड़ी बुरी तरह चकनाचूर हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, जलालाबाद के गांव टिवाना का एक परिवार करीब 13 सदस्यों के साथ क्रूजर गाड़ी में सवार होकर फाजिल्का के गांव करणीखेड़ा में अपने रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने गया था। समारोह से वापस लौटते समय गांव बहक खास के नजदीक उनकी क्रूजर गाड़ी की एक पिकअप वाहन से टक्कर हो गई।

मौके पर मौजूद मृतकों के रिश्तेदार संदीप सिंह ने बताया कि इस भयानक हादसे में उनके परिवार के दो बच्चों, एक महिला और गाड़ी के चालक की मौत हो गई। मृतकों में उनका भतीजा और भतीजी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गाड़ी में सवार परिवार के अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए भी कार्रवाई की गई।

मौके पर पहुंचे सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज आत्माराम ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है और यातायात व्यवस्था बहाल की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दर्दनाक हादसा है, जिसमें कई लोगों की जान चली गई है। संबंधित थाने की पुलिस को सूचित कर दिया गया है और पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जाएगी।

Published on: 16 Nov 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111