एक युवक द्वारा गुरूद्वरा सिंह शहीदां में हमले का प्रयास विफल
फिलहाल स्थिति समान्य- डी एस पी हरसिमरत सिंह
मोहाली - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज
सोहाना स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा सिंह शहीदां में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक युवक ने सम्मान समारोह के दौरान एक निहंग सिंह पर हमला करने का प्रयास किया। घटना के बाद कुछ समय के लिए गुरुद्वारा परिसर में तनाव की स्थिति बन गई, हालांकि मौजूद लोगों ने तुरंत स्थिति पर काबू पा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के कर्णप्रयाग विवाद मामले में जमानत पर रिहा होकर लौटे निहंग सिंहों के स्वागत एवं सम्मान के लिए गुरुद्वारा परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। समारोह में बड़ी संख्या में संगत और समर्थक मौजूद थे।
समारोह के दौरान निहंग सिंहों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया जा रहा था। इसी बीच भीड़ में मौजूद एक युवक अचानक आगे आया और बाबा जसदीप सिंह के साथ धक्का-मुक्की व हाथापाई करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद निहंग सिंहों और अन्य लोगों ने तुरंत युवक को काबू कर लिया। इस दौरान कुछ देर के लिए गुरुद्वारा परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही।
घटना में बाबा जसदीप सिंह पूरी तरह सुरक्षित रहे और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई। मौजूद लोगों के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। डीएसपी सिटी-2 मोहाली हरसिमरत सिंह चेतरा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है।
डीएसपी ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। यदि शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।