एच.एम.वी. जालंधर में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विशेष सेमिनार आयोजित
श्री गुरु रविदास जी की वाणी संपूर्ण मानवता के लिए समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश देती है —महेन्द्र भगत
जालंधर। रमेश महेन्द्रू
हंस राज महिला महाविद्यालय में पंजाब सरकार के विशेष दिशा-निर्देशों के तहत उच्च शिक्षा विभाग के विशेष प्रयास से प्रिंसिपल डॉ. एकता खोसला के नेतृत्व में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित उनकी वाणी एवं शिक्षाओं विषय पर विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर पंजाब के माननीय कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने श्री गुरु रविदास जी की वाणी को सामाजिक समानता, मानवता और भाईचारे का प्रकाश स्तंभ बताते हुए कहा कि गुरु जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानवता को प्रेम, समानता और आपसी सद्भाव का संदेश देती हैं। उन्होंने एच.एम.वी. की सौ वर्षों की शानदार शैक्षणिक विरासत की भी सराहना की।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. नवदीप सिंह ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर सेमिनार की शोभा बढ़ाई। उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की महत्ता को और बढ़ाया।
संत समाज की सम्मानित शख्सियतों संत निर्मल दास जी, संत सतविंदर सिंह हीरा जी तथा बहन आर्किटेक्ट संतोष जी ने विस्तारपूर्वक श्री गुरु रविदास जी की वाणी एवं शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने गुरु जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज में आपसी प्रेम, सहनशीलता और सद्भावना बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने छात्राओं को गुरु जी के उच्च आदर्शों से प्रेरणा लेकर न्यायपूर्ण एवं समानता पर आधारित समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अकादमिक वक्ता श्री रूप लाल रूप, स्टेट अवार्डी एवं सेवानिवृत्त जिला शिक्षा अधिकारी ने गुरु जी की वाणी के दार्शनिक, सामाजिक और आध्यात्मिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रिंसिपल डॉ. एकता खोसला ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्राओं के नैतिक एवं सामाजिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
इस कार्यक्रम में कन्या महाविद्यालय जालंधर, गवर्नमेंट एजुकेशन कॉलेज जालंधर, बाबा अंबेडकर कॉलेज बूटामंडी जालंधर तथा एच.एम.वी. कॉलेज जालंधर की छात्राओं एवं विद्यार्थियों ने पूरे श्रद्धा और सम्मान के साथ भाग लिया।
सेमिनार की कोऑर्डिनेटर श्रीमती कुलजीत कौर ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया। मंच संचालन डॉ. मनदीप कौर और डॉ. संदीप कौर ने बखूबी निभाया।
इस अवसर पर डॉ. उर्वशी, प्रोतिमा मंदर, अलका शर्मा सहित कॉलेज के फैकल्टी सदस्य एवं जिला प्रशासन के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।