डी आई जी हरचरण सिंह भुल्लर की मुश्किलें बढ़ी
पंजाब के 14 अधिकारीयों के नाम आए सामने 10 आई पी एस व 4 आई ए एस
चण्डीगढ़ - एस एन एन
पंजाब के सस्पेंडिट डी आई जी हरचरण सिंह भुल्लर की मुशिकलें बढ़ती ही चली जा रही है। सीबीआई सूत्रों के अनुसार, डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से पूछताछ के दौरान पंजाब के 14 अधिकारियों के नाम सामने आए हैं। जिनमें 10 आईपीएस और 4 आईएएस अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं। जांच में यह भी सामने आया कि ये अधिकारी पटियाला के एक प्रॉपर्टी डीलर के जरिए रिशवतखोरी का पैसा प्रॉपर्टी में निवेश करते थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार 10 आईपीएस अधिकारियों में से 8 फिलहाल फील्ड में महत्वपूर्ण पदों पर तैनात हैं, जबकि 2 अधिकारी पंजाब पुलिस अकादमी में तैनात बताए जा रहे हैं। वहीं चार आईएएस अधिकारियों का संबंध मंडी गोबिंदगढ़ क्षेत्र से बताया जा रहा है। इसके बाद सीबीआई ने पटियाला और लुधियाना में प्रॉपर्टी डीलर के कई ठिकानों पर छापेमारी कर अहम दस्तावेज जब्त किए थे।
गौर हो कि पंजाब के DIG के घर में छापे के दौरान 3 बैग में 5 करोड़ कैश बरामद, लग्जरी घड़ियां सहित अन्य सामग्री भी मिली थी। सीबीआई ने अदालत में पेश की गई अपनी प्रोग्रेस रिपोर्ट में खुलासा किया कि कृष्णु शारदा के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच के दौरान कई बड़े खुलासे हुए हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, कृष्णु शारदा कई अधिकारियों के साथ मिलकर भ्रष्ट गतिविधियों में शामिल था।
सीबीआई का दावा है कि कृष्णु शारदा ट्रांसफर-पोस्टिंग, आर्म्स लाइसेंस जारी करवाने, एफआईआर दर्ज करवाने या पहले से दर्ज एफआईआर को रद्द करवाने जैसे मामलों में प्रभाव डालता था। जांच एजेंसी के मुताबिक इस नेटवर्क में करीब 50 अधिकारी शामिल हो सकते हैं।