Sunday, 21 June 2026
चंडीगढ़ मेडिकल स्टोर कैशियर मर्डर केस

चंडीगढ़ मेडिकल स्टोर कैशियर मर्डर केस

चंडीगढ़ मेडिकल स्टोर कैशियर मर्डर केस

जम्मू से गिरफ्तार आरोपियों का पुलिस एनकाउंटर

चण्डीगढ़  - बी बी आई टी न्यूज 

सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का चंडीगढ़ पहुंचने से पहले पुलिस के साथ एनकाउंटर हो गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की और इस दौरान पुलिस पर फायरिंग भी की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब  5:30 बजे के सेक्टर-25 के जंगल क्षेत्र के पास यह घटना हुई। चंडीगढ़ पुलिस की टीम जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों सन्नी मेहरा और आर्यन को लेकर चंडीगढ़ लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक अप्रत्याशित घटना घटी, जिसके बाद हालात अचानक बिगड़ गए। 

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस वाहन सेक्टर-25 चितकारा यूनिवर्सिटी के नजदीक जंगल वाले क्षेत्र से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि लगातार कई दिनों से ड्यूटी पर रहने के कारण वाहन चालक को झपकी आ गई और गाड़ी पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद वाहन में मौजूद दोनों आरोपियों ने मौके का फायदा उठाया और एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीन ली।

पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर दो राउंड फायर किए। इसके बाद ऑपरेशन सेल के इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह और क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर नरेंद्र पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान सन्नी मेहरा को दो गोलियां और आर्यन को एक गोली लगी। दोनों के पैरों में गोली लगने से घायल आरोपियों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज जारी है। वहीं हादसे में पुलिस वाहन के चालक को भी गर्दन में चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।

इस पूरे मामले ने तब और ज्यादा सनसनी फैला दी जब गिरफ्तारी के बाद एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल ऑडियो में खुद को गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों बताने वाला व्यक्ति चंडीगढ़ पुलिस को चेतावनी देता सुनाई दे रहा है। हालांकि, पुलिस और स्वतंत्र रूप से इस ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Published on: 18 Jun 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111