Tuesday, 18 August 2026
बाल श्रम मुक्त जालंधर” अभियान को लेकर प्रशासन से सहयोग की अपील

बाल श्रम मुक्त जालंधर” अभियान को लेकर प्रशासन से सहयोग की अपील

बाल श्रम मुक्त जालंधर” अभियान को लेकर प्रशासन से सहयोग की अपील

जालंधर - रमेश महेन्द्रू 

 जिला जालंधर में सांझा एक्शन फाउंडेशन एवं ग्रुप ऑफ मीडिया की संयुक्त पहल के तहत चलाए जा रहे “बाल श्रम मुक्त जालंधर” अभियान के संबंध में जिला प्रशासन से पूर्ण सहयोग की अपील करते हुए एक मांग पत्र जिला अधिकारी (डिप्टी कमिश्नर) एवं पुलिस अधीक्षक/पुलिस कमिश्नर जालंधर को सौंपा गया।

इस अवसर पर सांझा एक्शन फाउंडेशन के डायरेक्टर बाबा जोगा सिंह, लीगल सचिव एडवोकेट दिनेश कुमार, उप प्रधान कुणाल कोहली, हरचरण सिंह व अन्य सदस्य मौजूद रहे।

इस दौरान सांझा एक्शन फाउंडेशन के डायरेक्टर बाबा जोगा सिंह एवं ग्रुप ऑफ मीडिया के प्रेसिडेंट एस.के. सक्सेना ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान केवल एक जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक संकल्प है, जिसका उद्देश्य जिले से बाल मजदूरी को पूरी तरह समाप्त करना है।

बाबा जोगा सिंह ने कहा कि आज भी कई बच्चे दुकानों, ढाबों, फैक्ट्रियों, वर्कशॉपों और घरेलू कार्यों में मजदूरी करने को मजबूर हैं, जो उनके मौलिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे का स्थान मजदूरी नहीं, बल्कि स्कूल और सुरक्षित वातावरण में होना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि बाल मजदूरी के प्रत्येक मामले में त्वरित रेस्क्यू, संरक्षण एवं बच्चों के समुचित पुनर्वास को सुनिश्चित किया जाए।

वहीं ग्रुप ऑफ मीडिया के प्रेसिडेंट एस.के. सक्सेना ने कहा कि मीडिया इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा और जहां भी बाल श्रम के मामले सामने आएंगे, उन्हें प्रशासन के संज्ञान में लाकर कार्रवाई सुनिश्चित करवाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल श्रम एक संज्ञेय अपराध है, जिसमें बिना किसी औपचारिक शिकायत के भी पुलिस द्वारा तुरंत एफ आई आर दर्ज की जानी चाहिए।

दोनों प्रतिनिधियों ने कहा कि “बाल श्रम मुक्त जालंधर” अभियान के तहत एक संगठित प्रयास किया जाएगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में सर्वे, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक एवं जनसंपर्क के माध्यम से बाल मजदूरी के खिलाफ माहौल तैयार किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि इस अभियान के दौरान चिन्हित किए जाने वाले प्रत्येक बाल मजदूर की न केवल मुक्ति सुनिश्चित की जाएगी, बल्कि उनके आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक पुनर्वास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे मुख्यधारा से जुड़कर एक सम्मानजनक जीवन जी सकें।

Published on: 18 Aug 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111