भाजपा नेता के क्लिनिक पर पैट्रोल बम से हमला
दो नकाबपोश ने किया हमला,कोई हताहत नहीं ,एक्टिवा को लगी आग
बठिंडा :- बी बी आई टी डेस्क
पंजाब में भाजपा नेता के क्लिनिक पर पेट्रोल बम फेंक कर हमला होने की खबर है,हालांकि इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है लेकिन क्लिनिक के गेट के अंदर खड़ी एक एक्टिवा को आग लग गई।
भाजपा नेता डॉ. तरसेम गर्ग ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से मेला राम रोड स्थित अपने क्लीनिक में रह रहे थे, लेकिन घटना वाले दिन ही घर लौटे थे। डाक्टर तरसेम गर्ग के हैनमैन क्लिनिक में दो नकाबपोश हमलावर पहुंचे। एक व्यक्ति गेट के बाहर खड़ा होकर बोतल में आग लगा रहा था, जबकि दूसरा घटना का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान हमलावर ने क्लिनिक के गेट के अंदर पेट्रोल बम फेंक दिया।
क्लिनिक के अंदर मौजूद व्यक्ति ने शोर मचाया, जिसके बाद लोग इकट्ठा हो गए। इस पर हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच करनी शुरू कर दी है।
डॉ. तरसेम गर्ग पहले आम आदमी पार्टी पंजाब ट्रेड विंग के सेक्रेटरी पद की दौड़ में थे और बाद में बठिंडा नगर निगम चुनावों के दौरान इस पद पर चुने गए थे। हालांकि, कुछ समय बाद वे आम आदमी पार्टी से नाराज होकर बीजेपी में शामिल हो गए।