भाजपा की पंजाब में वोट बैंक की राजनिति
पंच तीर्थ यात्रा का हुआ शुभारंभ
चण्डीगढ़ - बी बी आई टी डेस्क
पंजाब विधानसभा चुनाव कुछ महीनों में होने वाले हैं। इस बीच बीजेपी राज्य में हर वर्ग तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। बीजेपी की पंजाब इकाई ने अपनी ‘पंच तीर्थ यात्रा’ शुरू की। यह डॉ. बी. आर. अंबेडकर के जीवन और विरासत से जुड़ी जगहों पर आठ दिन की तीर्थ यात्रा है। पंजाब के अलग-अलग हिस्सों से करीब 150 तीर्थयात्रियों को लेकर तीन बसों को चंडीगढ़ में बीजेपी के स्टेट हेडक्वार्टर से रवाना किया गया।
पार्टी नेताओं के मुताबिक इस यात्रा का पूरा खर्च, जिसमें ट्रांसपोर्टेशन, रहने, खाने-पीने का खर्च शामिल है, पंजाब बीजेपी उठाएगी। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि इस यात्रा का मकसद लोगों को भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. बी. आर. अंबेडकर के जीवन, संघर्षों और योगदान से परिचित कराना है।
उन्होंने कहा, “पंच तीर्थ के नाम से मशहूर तीर्थयात्रा सर्किट का आइडिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून 2016 में दिया था और इसमें अंबेडकर से जुड़ी पांच जगहें शामिल हैं। इनमें मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में महू (अंबेडकर का जन्मस्थान) नागपुर में दीक्षा भूमि (जहां उन्होंने बौद्ध धर्म अपनाया), दिल्ली में महापरिनिर्वाण भूमि (जहां उनका निधन हुआ), मुंबई में चैत्य भूमि (जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया) और लंदन में वह घर जहां वे अपने छात्र दिनों में रहते थे।”
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा, “इन जगहों को बचाने और डेवलप करने पर 2,000 करोड़ रुपये से ज़्यादा खर्च किए गए हैं। मोदी सरकार ने मेमोरियल, म्यूज़ियम और विज़िटर फैसिलिटी बनाई हैं ताकि आने वाली पीढ़ियां देश के लिए बाबा साहेब के योगदान को समझ सकें। जहां तीर्थयात्री खुद मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और दिल्ली में इन जगहों पर जाएंगे, वहीं यात्रा के दौरान अंबेडकर के लंदन वाले घर का वर्चुअल टूर भी अरेंज किया जाएगा। बसें पहले मध्य प्रदेश के महू जाएंगी, फिर महाराष्ट्र में नागपुर और मुंबई जाएंगी और फिर दिल्ली जाकर पंजाब लौटेंगी।”