भाग तृतीय व अन्तिम
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027
जालंधर सेंट्रल में भाजपा की टिकट के लिए घमासान
एक अनार, सौ बीमार'
विशेष राजनीतिक विश्लेषण
रमेश महेन्द्रू - मुख्य संपादक
बिग बॉस इण्डिय टूडे
7. अशोक सरीन हिक्की
युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने का विकल्प
जालंधर शहरी भाजपा अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की भी विधानसभा टिकट की दौड़ में संभावित दावेदार माने जा रहे हैं।
जिला संगठन की जिम्मेदारी संभालने के कारण उनका पार्टी कार्यकर्ताओं और संगठनात्मक गतिविधियों से सीधा संपर्क है।
भाजपा यदि जालंधर सेंट्रल में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने और नई राजनीतिक ऊर्जा के साथ चुनाव लड़ने का फैसला करती है तो अशोक सरीन हिक्की का नाम भी चर्चा में आ सकता है।
राजनीतिक आकलन: संगठनात्मक पद, युवा नेतृत्व की छवि और कार्यकर्ताओं के बीच संपर्क उनकी ताकत हो सकते हैं। हालांकि, विधानसभा स्तर पर व्यक्तिगत जनाधार उनकी दावेदारी का निर्णायक पहलू होगा।
8. जगजीत सिंह
पार्षद परिवार से राजनीतिक दावेदारी
जगजीत सिंह का नाम भी भाजपा की टिकट के संभावित दावेदारों में चर्चा में है।
उनकी पत्नी मनजीत कौर वर्ष 2024 में दूसरी बार भाजपा की टिकट पर नगर निगम पार्षद निर्वाचित हुईं। वह वार्ड नंबर 19 का प्रतिनिधित्व करती हैं।
जगजीत सिंह को मनोरंजन कालिया का करीबी माना जाता है। उनका मिलनसार व्यवहार, सामाजिक संपर्क और जालंधर तथा लुधियाना में कारोबारी गतिविधियां उनकी पहचान का हिस्सा हैं।
सोशल मीडिया पर भी उन्होंने अपनी राजनीतिक सक्रियता के संकेत दिए हैं।
राजनीतिक आकलन: पार्षद परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि, स्थानीय संपर्क और सामाजिक व्यवहार उनकी ताकत हैं। लेकिन विधानसभा क्षेत्र में उनकी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान कितनी प्रभावशाली है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
9. राजीव ढींगरा
पार्षद से विधायक बनने की महत्वाकांक्षा
नगर निगम जालंधर में भाजपा के मौजूदा पार्षद राजीव ढींगरा भी इस बार विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा रखते बताए जा रहे हैं।
उनकी नजर जालंधर सेंट्रल की भाजपा टिकट पर है। पार्षद होने के नाते स्थानीय स्तर पर उनकी राजनीतिक सक्रियता और नगर निगम से जुड़े मुद्दों पर भूमिका उनकी दावेदारी का आधार बन सकती है।
राजनीतिक आकलन: स्थानीय राजनीति का अनुभव उनकी ताकत है। लेकिन विधानसभा चुनाव के लिए व्यापक जनाधार और संगठन में मजबूत समर्थन हासिल करना उनके लिए आवश्यक होगा।
10. गौतम कुकरेजा
अचानक चर्चा में आया नया नाम
भाजपा की संभावित टिकट के दावेदारों की चर्चा में एक और नाम गौतम कुकरेजा का सामने आया है।यह एक प्रतिष्ठित वयापारी है जालन्धर में मैरीटन होटल के मालिक हैं।
गौर हो कि जब इन्हें आर एस एस द्वारा महानगर संघ सहचालक पद से हटाया था तो इनका खुद का बयान सामने आया था कि संघ द्वारा उन्हें भाजपा में चुनाव लड़ने के लिए भेजा जा रहा है।
दिवाली के अवसर पर उन्होंने पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया और पंजाब सरकार के पूर्व संसदीय सचिव अविनाश चंद्र के साथ अपनी तस्वीरों वाले बड़े-बड़े बोर्ड शहर में लगवाए।
हालांकि, उन्होंने अभी तक सार्वजनिक रूप से विधानसभा टिकट के लिए अपनी दावेदारी घोषित नहीं की है, लेकिन इन बोर्डों के बाद राजनीतिक गलियारों में उनके नाम को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
राजनीतिक आकलन: फिलहाल उनकी राजनीतिक दावेदारी को लेकर तस्वीर स्पष्ट नहीं है। आने वाले समय में उनकी सक्रियता और पार्टी के भीतर भूमिका पर नजर रहेगी।
भाजपा हाईकमान के सामने सबसे बड़ी चुनौती: चेहरा नहीं, जीतने वाला समीकरण!
जालंधर सेंट्रल की टिकट का फैसला भाजपा के लिए आसान नहीं होने वाला। पार्टी के सामने कई स्तरों पर चुनौती होगी।
पहली चुनौती ऐसा प्रत्याशी चुनने की होगी जो हिंदू मतदाताओं के साथ-साथ दलित, सिख और अन्य सामाजिक वर्गों में भी स्वीकार्य हो।
दूसरी चुनौती संगठनात्मक एकजुटता की होगी। यदि किसी एक नेता को टिकट मिलती है तो बाकी दावेदारों को एक मंच पर लाना पार्टी नेतृत्व के लिए बड़ी परीक्षा होगी।
तीसरी और सबसे महत्वपूर्ण चुनौती भीतरघात की आशंका है। टिकट नहीं मिलने पर नाराज नेता और उनके समर्थक चुनाव में पार्टी के लिए मुश्किलें पैदा कर सकते हैं। भाजपा हाईकमान को यह सुनिश्चित करना होगा कि टिकट वितरण के बाद कोई भी प्रमुख दावेदार पार्टी की चुनावी रणनीति को नुकसान न पहुंचाए।
भाजपा को केवल उम्मीदवार घोषित करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि उसे आम आदमी पार्टी की योजनाओं के मुकाबले अपना स्पष्ट विकास एजेंडा, पंजाब के लिए आर्थिक दृष्टिकोण, रोजगार, उद्योग, व्यापार, कानून व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं के समाधान का ठोस रोडमैप भी जनता के सामने रखना होगा।
अंतिम सवाल: कालिया या कोई नया चेहरा?
जालंधर सेंट्रल की भाजपा टिकट को लेकर फिलहाल सबसे अधिक चर्चा मनोरंजन कालिया के नाम की है। उनका राजनीतिक अनुभव और वर्षों पुराना जनसंपर्क उन्हें अन्य दावेदारों के मुकाबले एक मजबूत स्थिति में खड़ा करता दिखाई देता है।
लेकिन भाजपा की राजनीति में अंतिम निर्णय केवल वरिष्ठता या व्यक्तिगत लोकप्रियता के आधार पर नहीं होता। पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व चुनावी जीत की संभावना, संगठनात्मक समीकरण, सामाजिक प्रतिनिधित्व, कार्यकर्ताओं की राय और विपक्षी दलों के संभावित उम्मीदवारों को ध्यान में रखकर फैसला करेगा।
यह भी संभव है कि पार्टी इन सभी दावेदारों से अलग किसी नए चेहरे को मैदान में उतारकर सभी राजनीतिक समीकरणों को बदल दे।
फिलहाल जालंधर सेंट्रल में भाजपा की टिकट को लेकर राजनीतिक बिसात बिछ चुकी है। दावेदारों की संख्या बढ़ रही है, प्रचार बोर्ड नजर आने लगे हैं और नेताओं की सक्रियता भी तेज हो गई है। लेकिन असली परीक्षा टिकट मिलने के बाद होगी।
क्योंकि विधानसभा चुनाव केवल टिकट हासिल करने से नहीं जीते जाते, बल्कि जनता का विश्वास, संगठन की एकजुटता और बूथ स्तर पर मजबूत चुनावी प्रबंधन ही जीत की असली कुंजी होते हैं।
अब देखना यह है कि भाजपा हाईकमान जालंधर सेंट्रल में पुराने राजनीतिक अनुभव पर भरोसा जताता है, नए नेतृत्व को मौका देता है या फिर किसी अप्रत्याशित चेहरे को मैदान में उतारकर सबको चौंका देता है।