बी एम एस फैशन शोरूम पर फायरिंग, दहशत का माहौल
जालंधर - एस एन एन
शहर के व्यस्त इलाके किशनपुरा चौक गोली चलने से दहशत का माहौल है। व्यस्त कारोबारी क्षेत्र में स्थित बी एम एस फैशनज़ शोरूम को निशाना बनाते हुए बाइक सवार युवकों ने दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। फायरिंग के कारण शोरूम का शीशा टूट गया और आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो युवक बाइक पर सवार होकर आए और चलते वाहन से ही शोरूम की ओर गोली चलाकर फरार हो गए। पूरी घटना शोरूम में लगे सी सी टी वी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फायरिंग के दौरान किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटना से व्यापारियों में डर का माहौल बन गया है। बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
एडीसीपी ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कंट्रोल रूम को बी एम एस फैशन के शोरूम पर फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।
एडीसीपी के अनुसार पुलिस दुकान मालिक से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बाइक सवार युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया। मौके से एक खोल बरामद किया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी प्रकार की थ्रेट कॉल या धमकी से जुड़ा मामला सामने आता है तो उसकी भी गंभीरता से जांच की जाएगी। पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।