अटल टनल के बाहर दर्दनाक सड़क हादसा
एक युवक की मौत जबकि 3 युवक घायल, अस्पताल भर्ती
हिमाचल - बी बी आई टी डेस्क
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दर्दनाक सड़क होने का समाचार है। हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध अटल टनल के बाहर देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बैरिकेड्स को तोड़ता हुआ निर्माणाधीन ढांचे के पिलर से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि पिलर से बाहर निकले लोहे के सरिये गाड़ी को चीरते हुए अंदर तक घुस गए। दुर्घटना में राजस्थान के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उत्तर प्रदेश के रहने वाले उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूत्रों से मिली खबर अनुसार सभी युवक पर्यटक थे और मनाली घूमने के बाद लाहौल की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी स्कॉर्पियो अटल टनल से बाहर निकली, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार के कारण वाहन पहले बैरिकेड्स से टकराया और फिर सीधे निर्माणाधीन पिलर में जा घुसा।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पिलर से निकले लोहे के सरिये वाहन के केबिन में घुस गए, जिससे अंदर बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं। घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था।
अटल टनल सड़क हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पुलिस, दमकल विभाग और राहत बचाव दल तुरंत पहुंच गया। वाहन पिलर और लोहे के सरियों के बीच बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसके कारण घायलों को बाहर निकालना आसान नहीं था।
दमकल कर्मियों और रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक अटल टनल सड़क हादसा का मुख्य कारण वाहन की अत्यधिक रफ्तार और चालक द्वारा नियंत्रण खो देना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।