अनियंत्रित होकर बोलेरो खाई में गिरी - ड्राईवर सहित 6 लोगो की मौत
चंबा - बी बी आई टी डेस्क
हिमाचल प्रदेश के चंबा-मसरूंड मार्ग पर भयानक सड़क हादसे हो गया, जिसमें बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के छह लोगों सहित ड्राइवर की मौत हो गई है।
चंबा -मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के समीप एक बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
हादसे का शिकार हुई बोलेरो (एचपी-01सी-2581) ग्राम पंचायत कुठेड़ के महल गांव की बताई जा रही है। मृतकों में तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। महल गांव के लोग पंचायत के काकड़ोथा गांव में आयोजित मुंडन संस्कार की धाम में शामिल होने गए थे।
बताया जा रहा है कि धाम खाने के बाद सभी लोग बोलेरो में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान इनकी बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि सड़क से गाड़ी लगभग 1200 फीट नीचे गिरी।
इस हादसे में मेहल गांव के चुनी लाल (65) पुत्र परस राम, देवी लाल (62) पुत्र परस राम, बबली देवी (45) पत्नी मोती राम, मोती राम (45) पुत्र परस राम, अनिता कुमारी (20) पुत्री धर्मसिंह, कुंता देवी (53) पत्नी कर्म सिंह और धरो गांव के मनोहर लाल (34) की मौत हो गई।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने खाई में उतरकर शवों को बाहर निकालने का कार्य किया। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।