अमृतसर में 12वीं कक्षा की छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर किया सुसाइड
वीडिओ में स्कूल प्रबंधन पर लगाये गम्भीर आरोप
अमृतसर - बी बी आई टी डेस्क
पंजाब के अमृतसर में 12वीं कक्षा की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया था, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत से पहले छात्रा ने अस्पताल में एक वीडियो बनाकर स्कूल प्रबंधन पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। मृतका की पहचान 17 वर्षीय अमजोत कौर के रूप में हुई है। वह अमृतसर के 88 फीट रोड क्षेत्र की रहने वाली थी और अपनी मासी सरबजीत कौर के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। अमजोत स्थानीय डी डी आई एस स्कूल, फतेहगढ़ चूड़ियां रोड में 12वीं की छात्रा थी।
मौत से पहले बनाए गए वीडियो में अमजोत ने कहा कि स्कूल में उसे फीस के मुद्दे को लेकर लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि 11 मई को उसे स्कूल बुलाया गया, जहां उसे काफी देर तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इतना ही नहीं, उसे क्लास के ग्रुप से भी हटा दिया गया था और एक अलग कमरे में ले जाकर उससे बातचीत की गई थी।
वीडियो में छात्रा ने कहा कि उसकी मौजूदा हालत के लिए स्कूल प्रबंधन जिम्मेदार है। उसने दावा किया कि लगातार दबाव और मानसिक तनाव के कारण उसने यह कदम उठाया। वीडियो में उसने न्याय की मांग करते हुए कहा कि उसे इंसाफ मिलना चाहिए।
परिजनों का आरोप है कि स्कूल की करीब 20 हजार रुपये फीस बकाया थी। फीस जमा करवाने को लेकर स्कूल प्रबंधन लगातार छात्रा पर दबाव बना रहा था। परिवार ने स्कूल प्रशासन से फीस किस्तों में जमा करवाने की अनुमति देने की अपील भी की थी, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।
मृतका की मासी सरबजीत कौर ने आरोप लगाया कि स्कूल की प्रिंसिपल शबनम शर्मा और क्लास टीचर आकांक्षा शर्मा बार-बार फीस को लेकर अमजोत पर दबाव डाल रही थीं।