अमेरिका में पंजाबी युवक पर सख्त कार्रवाई, ₹90 करोड़ की कोकीन बरामद; 75 साल की जेल
अमेरिकाि /नई दिल्ली - बिग बॉस इण्डिया टूडे
अमेरिका में पंजाबी मूल के एक ट्रक ड्राइवर को 106 किलोग्राम कोकीन की तस्करी के मामले में अदालत ने 75 साल कैद की सजा सुनाई है। दोषी ट्रक चालक की पहचान 30 वर्षीय जोबनप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया से ट्रक चलाता था। अदालत के फैसले के अनुसार उसे कम से कम 55 साल जेल में बिताने होंगे, जिसके बाद ही उसे रिहाई या पैरोल के लिए विचार किया जा सकेगा।
इस हिसाब से वह 85 वर्ष की आयु के बाद ही जेल से बाहर आ पाएगा। जानकारी के अनुसार, यह मामला 17 अप्रैल 2025 का है। उस दिन इलिनॉय स्टेट पुलिस ने इंटरस्टेट-74 पर लेरॉय इलाके के पास एक सेमी-ट्रक को नियमित सुरक्षा जांच के लिए रोका था। ट्रक जोबनप्रीत सिंह चला रहा था। जांच के दौरान पुलिस के खोजी कुत्ते (के-9 यूनिट) ने ट्रक के रेफ्रिजरेटेड ट्रेलर में संदिग्ध वस्तु होने का संकेत दिया।
तलाशी लेने पर ट्रेलर के अंदर छिपाए गए चार बड़े काले कचरे के बैग बरामद हुए, जिनमें करीब 234 पाउंड यानी 106 किलोग्राम कोकीन मिली। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जोबनप्रीत ने पुलिस के संकेत देने के बावजूद ट्रक रोकने में देरी की थी। इसके अलावा पूछताछ के दौरान उसका व्यवहार भी बेहद घबराया हुआ था, जिससे अधिकारियों को उस पर संदेह हुआ।
बरामद की गई कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में की मतलगभग 10.6 मिलियन डॉलर यानी करीब 90 करोड़ रुपए आंकी गई। मामले की सुनवाई के दौरान जोबनप्रीत सिंह ने अदालत में दावा किया कि उसे ट्रक में रखी गई ड्रग्स की कोई जानकारी नहीं थी और वह केवल वैध सामान की ढुलाई कर रहा था। हालांकि अभियोजन पक्ष ने उसके इस दावे को खारिज कर दिया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से प्राप्त व्हाट्सऐप और अन्य संदेश अदालत में सबूत के रूप में पेश किए गए।
इन संदेशों में कोकीन की डिलीवरी के बदले 5,400 डॉलर के भुगतान का जिक्र था। अभियोजन पक्ष ने तर्क दिया कि ये संदेश स्पष्ट रूप से साबित करते हैं कि आरोपी ड्रग तस्करी नेटवर्क का हिस्सा था और जानबूझकर इस काम में शामिल था। मार्च 2026 में जूरी ने जोबनप्रीत सिंह को कंट्रोल्ड सब्सटेंस ट्रैफिकिंग और ड्रग्स पहुंचाने की मंशा से संबंधित आरोपों में दोषी ठहराया था।
इसके बाद 29 मई 2026 को मैक्लीन काउंटी की अदालत में जज विलियम योर्डर ने उसे 75 साल की सख्त सजा सुनाई। हालांकि अदालत ने उसे पहले से जेल में बिताए गए 407 दिनों का लाभ भी दिया है, जिन्हें उसकी सजा की अवधि में जोड़ा जाएगा। इलिनॉय राज्य के कानूनों के अनुसार, इतनी बड़ी मात्रा में कोकीन की तस्करी के मामलों में दोषी को सजा की कम से कम 75 प्रतिशत अवधि जेल में बिताना अनिवार्य होता है।
वहीं राज्य की ड्रग ट्रैफिकिंग गाइडलाइंस के मुताबिक 900 ग्राम से अधिक कोकीन बरामद होने पर आरोपी को 30 से 120 साल तक की जेल हो सकती है। फैसले के बाद मैक्लीन काउंटी स्टेट्स अटॉर्नी एरिका रेनॉल्ड्स ने इलिनॉय स्टेट पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस ऑपरेशन से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ समुदाय तक पहुंचने से रोक दिए गए। इस मामले ने अमेरिकी-भारतीय समुदाय और पंजाबी समाज में भी व्यापक चर्चा को जन्म दिया है।