रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-45, पॉकेट-डी ने धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस
ऐसे राष्ट्रीय पर्व समाज में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं - सतीश यादव
गुड़गांव - ओम प्रकाश कक्कड़
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, सेक्टर-45, पॉकेट-डी द्वारा देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस बड़े ही उत्साह और धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण सरपंच सतीश यादव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सतीश यादव ने सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें देश की आजादी के लिए महान स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा दिए गए बलिदानों को हमेशा याद रखना चाहिए और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रधान रजिन्द्र सिंह ने की। रजिन्द्र सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने देश के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण करवाता है। उन्होंने सभी से देश की प्रगति, भाईचारे और सामाजिक एकता के लिए योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन एसोसिएशन के महासचिव अजय दहिया ने किया। अजय दहिया ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय पर्व समाज में देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करते हैं।
समारोह में भारी संख्या में पुरुष, महिलाएं, बच्चे तथा बड़े-बुजुर्ग उपस्थित हुए। इस दौरान राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया गया तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों का सम्मान किया गया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता और खुशहाली की कामना के साथ हुआ।