आप व कांग्रेस समर्थकों मे आपसी विवाद, झड़प और तीन लोग घायल, अस्पताल भर्ती
गुरदासपुर (काहनूवान) - बी बी आई टी डेस्क
पंजाब में आप और कांग्रेस समर्थकों में आपसी झड़प होने से विवाद काफी बढ़ गया और तीन लोग घायल हो गए है।उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गुरदासपुर जिले के काहनूवान इलाके के गांव निमाना में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से जुड़े समर्थकों के बीच विवाद सामने आया है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच हुई झड़प में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को तेजधार हथियारों से चोटें आने की बात कही जा रही है।
बताया जा रहा है कि शुरुआत महिलाओं को मिलने वाली 1000 रुपये की आर्थिक सहायता योजना के फॉर्म भरने को लेकर हुई। गांव के सरपंच गगनदीप सिंह और घायल विक्की मसीह ने आरोप लगाया कि फॉर्म भरने के लिए बैठे एक व्यक्ति ने कुछ महिलाओं के आवेदन लेने से इनकार कर दिया। उनका आरोप है कि इसके पीछे यह वजह बताई गई कि उन्होंने आम आदमी पार्टी को वोट नहीं दिया था।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और बाद में गांव के कुछ लोगों ने स्कूल परिसर में पहुंचकर उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी की। विक्की मसीह ने दावा किया कि इससे पहले 27 जुलाई को गांव के एक कांग्रेस समर्थित पंच पर भी हमला किया गया था।
विक्की मसीह ने आरोप लगाया कि जब वह अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर मजदूरी के लिए जा रहे थे, तभी आईटीआई नैनेकोट के पास दो वाहनों में आए लोगों ने उन्हें रोक लिया और हमला कर दिया। उनका कहना है कि हमलावरों ने कुछ लोगों को घेरकर तेजधार हथियारों से वार किए। उन्होंने गोली चलने का भी आरोप लगाया है।
वहीं, दूसरे पक्ष ने अलग दावा किया है। उनका कहना है कि पहले उनके समर्थकों पर हमला किया गया था और खेतों में काम कर रहे समर्थकों के साथ मारपीट हुई, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही काहनूवान पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने अभी तक फायरिंग की पुष्टि नहीं की है, हालांकि कुछ लोगों ने गोलियां चलने का दावा किया है।