पंजाब के लोग बसपा को एक अच्छे विकल्प के रूप में देख रहे हैं: डॉ. अवतार सिंह करीमपुरी
पंजाब (आदमपुर) जस्सी
जालंधर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अवतार सिंह करीमपुरी ने आज यहां प्रेस क्लब में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बसपा द्वारा शुरू की गई ‘पंजाब संभालो’ मुहिम को पूरे राज्य में लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बसपा को सत्ताधारी पार्टी आम आदमी पार्टी (आप) का एक मजबूत और बेहतर विकल्प मानते हुए विभिन्न पार्टियों और वर्गों के लोग इससे जुड़ रहे हैं।
आम आदमी पार्टी के विधानसभा हल्का आदमपुर से कोऑर्डिनेटर और ब्लॉक प्रधान रहे बूटा सिंह पतारा ने अपने साथियों सहित आप को छोड़कर बसपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। उनका स्वागत करते हुए डॉ. करीमपुरी ने उन्हें और उनके साथियों को पार्टी में शामिल किया और आश्वासन दिया कि उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा।
डॉ. अवतार सिंह करीमपुरी ने आगे बताया कि बसपा द्वारा दोआबा क्षेत्र में पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम जी के जन्मदिन पर 15 मार्च को हल्का बंगा के बहराम में एक विशाल रैली की गई थी। अब मालवा क्षेत्र में रैलियों की शुरुआत की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग बसपा को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रहे हैं और 2027 में बसपा राज्य में आम आदमी पार्टी को बदलकर जनता को एक बेहतर और जनहितकारी शासन देगी।
इस मौके पर बसपा के प्रदेश जनरल सचिव एवं हल्का आदमपुर इंचार्ज बलविंदर कुमार एडवोकेट, प्रदेश कार्यालय सचिव जसवंत राय, जिला प्रधान सलविंदर कुमार सहित अन्य नेता भी उपस्थित थे।