Thursday, 7 May 2026
आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने अमृतसर में की प्रेस कॉन्फ्रेंस

आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने अमृतसर में की प्रेस कॉन्फ्रेंस

तरुण चुघ के मानहानि नोटिस पर भी दिया जवाब,सच बोलना बंद नहीं करेंगे

पंजाब सरकार नशे, गैंगस्टरों और आतंकवाद के खिलाफ जंग लड़ रही है और यह जंग जारी रहेगी।

अमृतसर - ब्यूरो 

आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान  भाजपा व केंद्र सरकार पर तीखे राजनीतिक हमले किये। धालीवाल ने प्रैस वार्ता में पंजाब में बम धमाकों, ड्रोन गतिविधियों और सीमा सुरक्षा को लेकर कई बड़े सवाल उठाए। उन्होनें कहा कि जब भी देश में लोकसभा या किसी राज्य के चुनाव होते हैं, तो बम धमाके, आतंकवादी हमले और डर का माहौल क्यों बनायाजाता है। उनका कहना था कि पुलवामा, पठानकोट और दीनानगर जैसी घटनाएं भी चुनावों के दौरान ही सामने आईं और इन हमलों में देश के कई जवान शहीद हुए। भाजपा लोगों के बीच डर और आतंक का माहौल बनाकर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश करती है। जो भी घटनाएं होती हैं, उनकी जांच के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन आज तक किसी भी जांच की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई है।

धालीवाल ने बी एस एफ और सेना के जवानों को आधुनिक तकनीक और एंटी-ड्रोन सिस्टम मुहैया न कराने के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री द्वारा केंद्र सरकार को बार-बार लिखित मांग पत्र देने के बावजूद जवानों को जरूरी साजो-सामान मुहैया नहीं कराया गया। हाल ही में पंजाब पुलिस ने पठानकोट में ड्रोन के जरिए भेजे गए हथियार बरामद किए हैं, जो सीमा सुरक्षा के लिए बेहद चिंता का विषय है। पंजाब भी राज्य का हिस्सा है और केंद्र को इस ओर भी ध्यान देना चाहिए।

वहीं, तरुण चुघ द्वारा मुख्यमंत्री भगवंत मान को भेजे गए मानहानि नोटिस पर धालीवाल ने कहा कि नोटिस का जवाब दिया जाएगा। लेकिन सच बोलना बंद नहीं किया जाएगा। भाजपा को इस बात का जवाब देना चाहिए कि चुनावों के दौरान बम और धमाकों की राजनीति क्यों शुरू हो जाती है। धालीवाल ने बीजेपी नेताओं द्वारा आप विधायकों को “भेड़-बकरी” कहे जाने पर भी आपत्ति जताई और कहा कि इस संबंध में विधानसभा स्पीकर के पास शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

बेअदबी कानून के मुद्दे पर अकाली दल को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि जब पंजाब विधानसभा में इस कानून पर चर्चा हो रही थी, तब अकाली दल का कोई भी प्रतिनिधि वहां मौजूद नहीं था। यह कानून संत समाज, सिख विद्वानों और विभिन्न दलों से सलाह-मशविरा करने के बाद ही बनाया गया है। पंजाब सरकार नशे, गैंगस्टरों और आतंकवाद के खिलाफ जंग लड़ रही है और यह जंग जारी रहेगी।

Published on: 07 May 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111