Thursday, 19 November 2026
आज 60 हजार एकड़ से अधिक जमीन पर बादाम और फलों की खेती कर रहे संधू ब्रदर्स

आज 60 हजार एकड़ से अधिक जमीन पर बादाम और फलों की खेती कर रहे संधू ब्रदर्स

जालंधर से कैलिफोर्निया तक का सफर

संधू परिवार ने विदेश जाकर मेहनत-मजदूरी से कायम की मिसाल 

आज 60 हजार एकड़ से अधिक जमीन पर बादाम और फलों की खेती कर रहे संधू ब्रदर्स

40-45 वर्ष पहले पंजाब से अमेरिका पहुंचे संधू परिवार ने मेहनत, लगन और आधुनिक तकनीक के दम पर बनाई अंतरराष्ट्रीय पहचान

अमेरिका/कैलिफोर्निया/जालन्धर। रमेश महेन्द्रू

 पंजाब की धरती से निकलकर विदेशों में अपनी मेहनत और काबिलियत का परचम लहराने वाले लोगों की कहानियां हमेशा प्रेरणादायक होती हैं। ऐसी ही एक सफलता की कहानी जालंधर जिले से करीब 40-45 वर्ष पहले अमेरिका के कैलिफोर्निया पहुंचे संधू परिवार की है, जिसने कभी अमेरिका में मजदूरी और छोटे-मोटे कामों से अपने सफर की शुरुआत की थी। आज यही परिवार बादाम की खेती के क्षेत्र में दुनिया भर में अपनी अलग पहचान बना चुका है। संधू ब्रदर्स को बादाम उत्पादन के क्षेत्र में 'अलमंड किंग' यानी बादाम का राजा कहा जाता है।

संधू ब्रदर्स के सतनाम सिंह संधू की यह.कहानी उन युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण व.प्रेरणादायक है जो अपनी मेहनत व अपने बलबूते सफलता के हर मुकाम को हासिल करना चाहते हैं। श्री संधू बताते हैं कि जब उनका परिवार पंजाब से कैलिफोर्निया पहुंचा था, उस समय उनके पास संघर्ष और मेहनत के अलावा कुछ नहीं था। अमेरिका में शुरुआती दिनों में उन्होंने लैंडस्केपिंग का काम किया। इसमें घरों के बाहर पौधे लगाना, बगीचों की देखभाल करना और हरियाली विकसित करना शामिल था। इसके बाद सतनाम सिंह संधू ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में सुपरवाइजर के रूप में भी नौकरी की।

सतनाम सिंह संधू के अनुसार, शुरुआती अनुभव हासिल करने के बाद परिवार के भाइयों ने मिलकर खेती के क्षेत्र में कदम रखने का फैसला किया। धीरे-धीरे बादाम की खेती शुरू की और आधुनिक तकनीक, बेहतर बीजों तथा वैज्ञानिक प्रबंधन के जरिए कारोबार को आगे बढ़ाया।

उन्होंने बताया कि जब शुरुआत में बादाम की खेती की जाती थी, तब प्रति एकड़ लगभग 1200 से 1500 पाउंड तक उत्पादन होता था। लेकिन नई तकनीकों, आधुनिक बीजों और बेहतर कृषि प्रबंधन के कारण आज प्रति एकड़ 4000 पाउंड से भी अधिक उत्पादन हासिल किया जा रहा है।

संधू ब्रदर्स का कारोबार केवल बादाम उगाने तक सीमित नहीं है। वे हार्वेस्टिंग, शेलिंग यानी बादाम का छिलका उतारने, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग तक की पूरी प्रक्रिया संभालते हैं। तैयार उत्पाद की सप्लाई दुनिया के विभिन्न देशों में की जाती है। आज कैलिफोर्निया और अमेरिका के अन्य हिस्सों में 60 हजार एकड़ से अधिक जमीन पर बादाम सहित विभिन्न फलों की खेती की जा रही है।

खेती और कारोबार में बड़ी सफलता हासिल करने के बाद संधू परिवार ने रियल एस्टेट के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। उत्तरी कैलिफोर्निया में 'माउंटेन हाउस' नाम से विकसित इलाके और उसके आसपास परिवार की लगभग 97 प्रतिशत प्रॉपर्टी होने का दावा किया गया है। परिवार का कैलिफोर्निया में लगभग 35 हजार स्क्वायर फीट का विशाल घर भी है।

इस घर के केंद्र में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का स्वरूप सुशोभित है। संधू परिवार की धार्मिक आस्था भी उनकी जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। परिवार के सदस्य रोज सुबह, दोपहर और शाम माथा टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद लेकर अपने दिन की शुरुआत करते हैं।

सतनाम सिंह संधू बताते हैं कि परिवार ने हमेशा शिक्षा को प्राथमिकता दी है। परिवार में इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और उच्च शिक्षित सदस्य हैं। उनके अनुसार, उनके बेटे ने इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की है, बहू एमबीए हैं, बेटी चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, जबकि भतीजों ने हार्वर्ड और एमआईटी जैसी प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त की है।

संधू परिवार में छह भाई हैं, जिनमें सतनाम सिंह संधू और मनिंदर सिंह संधू उर्फ मणि संधू सार्वजनिक तौर पर अधिक सक्रिय नजर आते हैं।

संधू ब्रदर्स की यह सफलता केवल आर्थिक उपलब्धि की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष, पारिवारिक एकता, मेहनत, आधुनिक सोच और दूरदर्शिता का उदाहरण है। जालंधर से कैलिफोर्निया तक का उनका सफर बताता है कि यदि इंसान में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो और परिवार का सहयोग मिले तो मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाई जा सकती है।

संधू परिवार की यह उपलब्धि पंजाब के उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो विदेशों में जाकर अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं।

Published on: 10 Nov 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111