Saturday, 4 July 2026
आईडीएफसी फर्स्ट बैंक फ्रॉड मामलाकेंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक फ्रॉड मामलाकेंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक फ्रॉड मामला

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई

हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के प्रवीण कुमार गिरफ्तार 

पंचकूला - बिग बॉस इण्डिया टूडे न्यूज 

आईडीएफसी फर्स्ट बैंक फ्रॉड मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के तत्कालीन वरिष्ठ लेखा अधिकारी प्रवीण कुमार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विशेष सीबीआई अदालत, पंचकूला में पेश किया गया। सीबीआई ने चार दिन के रिमांड की मांग की थी, लेकिन अदालत ने तीन दिन का रिमांड मंजूर किया।

सीबीआई के अनुसार, प्रवीण कुमार पर सरकारी धन का नियमों के विरुद्ध निवेश कराने, गुप्त बैंक खाते खुलवाने तथा शेल कंपनियों के माध्यम से धनराशि स्थानांतरित करने की कथित साजिश में शामिल होने का आरोप है। जांच एजेंसी का कहना है कि मामले में उनकी भूमिका की गहन जांच की जा रही है।

जांच में सामने आया है कि घटना के समय प्रवीण कुमार हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड में वरिष्ठ लेखा अधिकारी एवं अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता थे। बाद में पदोन्नति के पश्चात उनकी तैनाती हरियाणा स्टेट इलेक्शन कमीशन में बताई जा रही है। सीबीआई ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाने के बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया।

इस मामले में सीबीआई इससे पहले पूर्व सदस्य सचिव एवं निलंबित आईएएस अधिकारी प्रदीप कुमार तथा डेटा एंट्री ऑपरेटर सौरभ को भी गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी के अनुसार यह मामला सरकारी धन के कथित गबन और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के माध्यम से किए गए वित्तीय अनियमित लेनदेन से जुड़ा है।

सीबीआई का कहना है कि मामले में अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।

Published on: 04 Jul 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111