लुधियाना में तीन स्पा सेंटरों पर पुलिस की छापेमारी
6 थाई युवतियां और एक मैनेजर गिरफ्तार
लुधियाना :- बी बी आई टी न्यूज
पंजाब के लुधियाना शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिटी-2 पुलिस ने तीन स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट भंडाफोड़ किये जाने की खबर है। पुलिस कार्रवाई के दौरान छह विदेशी युवतियों तथा एक मैनेजर को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार अन्य युवतियां एवं दो स्पा सेंटर संचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि ख्वाजा के सिटी सेंटर स्थित न्यू एरा, डायमंड और रिलैक्स थाई स्पा सेंटरों में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन सूचनाओं के आधार पर थाना सिटी-2 पुलिस ने तीनों स्पा सेंटरों में एक साथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान गिरफ्तार की गई युवतियां थाईलैंड की बताई जा रही हैं। वहीं जो युवतियां मौके से फरार हुई हैं, वह दिल्ली और हरियाणा की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस उनसे जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक स्पा सेंटर का संचालक हरियाणा के अंबाला निवासी कप्तान सिंह है, जबकि दूसरे स्पा सेंटर का संचालक मनोज पुलिस कार्रवाई से पहले ही फरार हो गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से स्थान बदल-बदलकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में सिटी सेंटर क्षेत्र में अपने स्पा सेंटर शुरू किए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा किया।
थाना सिटी-2 के प्रभारी इंस्पेक्टर तरविंदर कुमार बेदी ने बताया कि मामले की जांच कानून के अनुसार की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।