26 वर्षीय नवविवाहिता विशाखा ने शादी के 48 दिनों बाद की आत्महत्या
शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न व आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज
नवविवाहिता का पति गिरफ्तार, सास व देवर को गिरफ्तार करने के लिए छापामारी
अंबरनाथ - बी बी आई टी न्यूज
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला समाचार है,जिसने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। 26 वर्षीय नवविवाहिता की शादी को अभी दो महीने भी पूरे नहीं हुए थे कि उसकी जिंदगी दर्दनाक अंत के साथ समाप्त हो गई। महिला के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद उसे लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
परिवार का कहना है कि महिला की शादी 30 अप्रैल को हुई थी। शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही दिनों में हालात बदल गए। ससुराल पक्ष पर आरोप है कि उन्होंने महिला पर मायके से पैसे और गहने लाने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए घर के अंदर और बाहर सी सी टी वी कैमरे भी लगाए गए थे।
परिवार के अनुसार, आत्महत्या से पहले विशाखा ने अपनी मां को फोन कर अपने साथ हो रहे उत्पीड़न के बारे में बताया था। इसके बाद परिवार उसे वापस घर लाने की तैयारी कर रहा था।हालांकि, इससे पहले कि वे कोई कदम उठा पाते, उन्हें उसकी आत्महत्या की सूचना मिल गई। इस खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
नवविवाहिता आत्महत्याा मामले में अंबरनाथ के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने महिला के पति नितिन तिलकर, उसकी मां छाया तिलकर और भाई निनाद तिलकर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न तथा आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस के अनुसार, पति को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े सबूत जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।