18 वर्षीय युवक की मोबाइल को लेकर किडनैप और फिर हत्या
सवाई माधोपुर - बी बी आई टी डेस्क
कुंडेरा इलाके के उलियाना गांव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मोबाइल के लिए 18 साल के युवक का किडनैप कर उसकी हत्या कर दी गई। अरोप है कि गांव के ही युवक उसके घर आए और उसे थार गाड़ी में किडनैप कर ले गए थे जिसके बाद उसका शव घर से करीब 10 किलोमीटर दूर सेलू चौराहे के आगे खाट का नाला में पेड़ के पास मिली। हत्या के बाद सभी युवक फरार बताए गए है।
जानकारी देते मृतक मनकुश के ताऊ भरतलाल मीणा ने बताया कि शुक्रवार को परिवार के लोग शादी में गए हुए थे। घर पर मनकुश और उसकी बहन दोनों थे। शाम करीब 5 बजे गांव के ही सुरेंद्र, जितेंद्र अंकित, अमित, भीम सिंह, प्रभुलाल और कमलेश बिना नंबर की थार लेकर उनके घर आए। यहां मोबाइल लेने की बात पर उनका विवाद हुआ। इसके बाद ये लोग मनकुश को किडनैप कर अपने साथ ले गए। रात को परिवार वाले घर पहुंचे तो किडनैप की पता चला। इसके बाद परिवार के लोगों ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई।
एस पी सिटी उदय सिंह मीणा ने बताया कि शुक्रवार रात को जब परिजन पहुंचे तो पुलिस ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। मनकुश के मोबाइल पर कॉल भी किया गया लेकिन वह बंद निकला। सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेलू चौराहे के आगे एक बॉडी पड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी पहचान मनकुश के रूप में हुई। परिजनों का कहना है कि मनकुश की बॉडी पर चोट के निशान थे। शरीर से शर्ट गायब थी। पुलिस ने मनकुश की बॉडी को सवाई माधोपुर के जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुनने में आ रहा है कि ऑनलाइन फ्रॉड को लेकर भी इनके बीच विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वह इस एंगल पर जांच कर रहे हैं। मनकुश के ताऊ की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।