Tuesday, 9 June 2026
128 करोड़ रुपए के बिल फर्जीवाड़े का पर्दाफाश  - 6 लोग हिरासत में

128 करोड़ रुपए के बिल फर्जीवाड़े का पर्दाफाश - 6 लोग हिरासत में

128 करोड़ रुपए के बिल फर्जीवाड़े का पर्दाफाश - 6 लोग हिरासत में

नई दिल्ली - बिग बॉस इंडिया टूडे

 पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा  ने एक बड़े जी एस टी  फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश करते हुए करीब 128 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने कुल 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर 250 से अधिक शैल कंपनियों के जरिए फर्जी इनवॉइस बनाकर बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और नकद लेन-देन की हेराफेरी कर रहे थे। इनके तार उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में फैले हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और संगठित तरीके से काम कर रहा था। आरोपी फर्जी कंपनियां बनाकर उनके नाम पर जीएसटी  इनवॉइस जारी करते थे, जिससे बिना वास्तविक व्यापार के ही भारी मात्रा में इनपुट टैक्स क्रेडिट का गलत लाभ उठाया जा रहा था। इस फर्जीवाड़े के जरिए सरकारी राजस्व को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया।

दिल्ली पुलिस की ई ओ डब्ल्यू टीम को तकनीकी सर्विलांस और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच के दौरान इस रैकेट के बारे में अहम सुराग मिले। जांच में सामने आया कि आरोपी डिजिटल माध्यमों और नकद लेन-देन दोनों का उपयोग करके पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने रणनीति बनाकर दरियागंज इलाके में छापेमारी की। 

दिल्ली पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में दिल्ली निवासी मास्टरमाइंड राजकुमार दीक्षित (43), गाजियाबाद के वसुंधरा निवासी विभाष मित्रा (34), मथुरा निवासी अमर (35), दिल्ली निवासी नितिन वर्मा (43), मो. वसीम (30) व आबिद (35) को भी दबोचा गया है। एक अन्य मुख्य आरोपी दिलीप कुमार फरार है।

छापेमारी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई। इसमें करीब 51.12 लाख रुपये नकद, 15 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 2 कार और कई फर्जी कंपनियों से जुड़े इनवॉइस और दस्तावेज शामिल हैं। इन दस्तावेजों की जांच से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी विभिन्न शैल कंपनियों के नाम पर फर्जी बिलिंग कर रहे थे और इस पूरे सिस्टम के जरिए टैक्स चोरी को अंजाम दिया जा रहा था।जीएसटी बिलों में हेराफेरी कर सरकारी खजाने को चूना लगाने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड नौवीं कक्षा तक पढ़ा राजकुमार दीक्षित अब तक 250 से अधिक शेल कंपनियां रजिस्टर्ड करा चुका है। फिलहाल एक कंपनी की जांच में ही करोड़ों के घोटाले का खुलासा हुआ है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसके तार पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से जुड़े हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क के जरिए करोड़ों रुपये का फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट पास कराया गया, जिसे आगे कैश में बदलकर आपस में बांटा जाता था।

पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस GST फ्रॉड रैकेट से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं। आर्थिक अपराध शाखा ने स्पष्ट किया है कि ऐसे संगठित वित्तीय अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Published on: 17 May 2026

Author Info

Ramesh Mahendru
editor@bigbossindiatoday.com
9592029111