पहले से बनी सड़कों के दोबारा टेंडर जारी कर 500 करोड़ रुपये के कथित घोटाले की निष्पक्ष जांच हो - राजेश बाघा
जालन्धर - एस एन एन
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महासचिव राजेश बाघा ने कहा कि पंजाब के हर कोने में ‘ईमानदार सीएम’ के बैनर लगवाने वाले मुख्यमंत्री भगवंत मान की ईमानदारी की पोल खुल गई है। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में 500 करोड़ रुपये के सड़क घोटाले का मामला पहुंचने से सरकार की कथित कट्टर ईमानदारी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
राजेश बाघा ने कहा कि पंजाब में पहले से बनी सड़कों के पुनर्निर्माण के नाम पर लगभग 500 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा पहले ही बनाई जा चुकी सड़कों के लिए पंजाब मंडी बोर्ड ने दोबारा टेंडर जारी किए और भुगतान भी किया, तो यह सरकारी खजाने के इस्तेमाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।
राजेश बाघा ने कहा कि गुरदासपुर निवासी रणजीत सिंह द्वारा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका में लगाए गए आरोपों की पूरी जांच होनी चाहिए। हाईकोर्ट द्वारा पंजाब सरकार सहित अन्य पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगना इस मामले की गंभीरता को दर्शाता है।
भाजपा नेता ने मांग की कि पूरे मामले की जांच किसी स्वतंत्र जांच एजेंसी से करवाई जाए, जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जाए और जांच पूरी होने तक विवादित कार्यों से संबंधित नए टेंडरों तथा भुगतानों के संबंध में उचित कदम उठाए जाएं।
उन्होंने कहा कि जनता के पैसे का पारदर्शी तरीके से इस्तेमाल सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।