केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को करेगे उद्घाटन
जालंधर :- एस एन एन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सोमवार को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों के साथ स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों एवं तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माण कार्यों, यात्री सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना केंद्र सरकार की प्राथमिकता है।
रवनीत सिंह बिट्टू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। लगभग 110 वर्ष पुराने इस ऐतिहासिक स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर तथा अत्याधुनिक डिजिटल सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के करकमलों से इसी अवसर पर देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन किया जाना प्रस्तावित है। यह पहल भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन समारोह से पूर्व सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं तथा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रहें।