जालंधर में तेज रफ्तार स्प्लेंडर बाइक की टक्कर से एक्टिवा सवार महिला गंभीर घायल
जालंधर :- एस एन एन
जालंधर में देर रात तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल ने एक्टिवा सवार एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे स्थानीय लोगों की सहायता से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार युवक तेज गति से वाहन चला रहा था। अधिक रफ्तार होने के कारण वह बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और सामने जा रही महिला की एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार युवक मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक सवार किसी से बचकर भाग रहा था और उसके पीछे कुछ लोग भी लगे हुए थे। इसी कारण वह अत्यधिक तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। लोगों ने यह भी बताया कि दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर आगे और पीछे किसी भी प्रकार की नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जिससे चालक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
बिना नंबर प्लेट की बाइक को लेकर लोगों ने आशंका जताई है कि वाहन किसी संदिग्ध गतिविधि में इस्तेमाल किया जा रहा हो सकता है या चोरी का भी हो सकता है।
यह घटना थाना डिवीजन नंबर-8 के अंतर्गत सोढल फाटक के पास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फरार बाइक सवार की तलाश की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन एवं क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, तेज रफ्तार एवं बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।