दतिया उपचुनाव में भाजपा में बगावत ● भाजपा कार्यकारिणी ने दिये इस्तीफा
टिकट को लेकर मचा घमासान, नैशनल हाईवे जाम,भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज व कई नेता हिरासत में
दतिया (मध्यप्रदेश) - बिग बॉस इण्डिया टूडे ब्यूरो
मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पार्टी में भारी असंतोष देखने को मिला। टिकट वितरण के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा करते हुए धरना-प्रदर्शन किया और हाईवे जाम कर दिया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों तथा कई पार्षदों ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा देने की घोषणा की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया और सड़क पर लेटकर अपना विरोध दर्ज कराया।
भाजपा जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह कुशवाहा ने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में कार्यकर्ताओं की पार्टी है, तो कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और उनका अपमान क्यों किया जा रहा है। उन्होंने टिकट वितरण प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए पार्टी नेतृत्व से पुनर्विचार की मांग की।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया। प्रदर्शन उग्र होने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया तथा आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान कई भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया।
दतिया में शुरू हुआ यह विरोध अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है और इसकी गूंज दतिया से लेकर दिल्ली तक सुनाई दे रही है। टिकट वितरण को लेकर भाजपा के भीतर बढ़ा असंतोष पार्टी के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
टिकट का संग्राम, भाजपा में घमासान और कार्यकर्ताओं की नाराजगी दतिया उपचुनाव की राजनीति का प्रमुख मुद्दा बन गई है।सूत्रों से मिली खबर के अनुसार हाईकमान के बुलावे पर नरोतम मिश्रा दिल्ली रवाना हो गए है।