पंजाब के खन्ना में आढ़ती से गन प्वाइंट पर 15 लाख रुपए लूटे
खन्ना में दहशत का माहौल, पुलिस खंगाल रही है सीसीटीवी फुटेज
खन्ना - एस एन एन
खन्ना में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। यहां घटना एचडीएफसी घटी। बताया जा रहा है कि बैंक के बाहर दो हथियारबंद लुटेरों ने एक आढ़ती को गन पॉइंट पर लेकर करीब 15 लाख रुपए की नकदी लूट ली।
आरोपी वारदात के बाद आढ़ती की कार लेकर मौके से फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, आढ़ती अमलोह से पेमेंट लेने के लिए खन्ना स्थित एचडीएफसी बैंक पहुंचे थे। बैंक से करीब 15 लाख रुपए की नकदी लेने के बाद जैसे ही वह अपनी गाड़ी में बैठने लगे, उसी दौरान दो लुटेरों ने उन्हें घेर लिया।
आरोपियों ने हथियार के बल पर आढ़ती को धमकाया और उनके कब्जे से करीब 15 लाख रुपए की नकदी लूट ली। इसके बाद आरोपी उसकी गाड़ी भी लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े बैंक के बाहर हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस टीम आरोपियों का पीछा करने और उन्हें पकड़ने के लिए संभावित रास्तों पर भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और लुटेरों की तलाश जारी है।