मुख्यमंत्री की पत्नी पर लगे 5 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत के आरोपों की हो CBI जांच : अनुराधा बंगा, डॉ. जसलीन सेठी
जालन्धर - एस एन एन
पंजाब में बलात्कार, किडनैपिंग और धमकाने जैसे गंभीर मामलों में कथित भ्रष्टाचार और आरोपियों को राहत देने के बदले मुख्यमन्त्री की पत्नी डा॰ गुरप्रीत कौर द्वारा 5 करोड़ रुपए की कथित रिश्वत से जुड़े आरोपों को लेकर महिला कांग्रेस ने पंजाब सरकार को घेरा है।
जालंधर महिला कांग्रेस की शहरी जिला अध्यक्ष अनुराधा बंगा और वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री एवं पार्षद डॉ. जसलीन सेठी ने पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग की।
अनुराधा बंगा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर से जुड़े 5 करोड़ रुपए की कथित रिश्वत के आरोप बेहद गंभीर हैं और इन्हें राजनीतिक आरोप कहकर खारिज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि बलात्कार जैसे संवेदनशील मामलों में आरोपियों को कथित तौर पर राहत देने के लिए पैसे मांगने और लेने के आरोप सामने आए हैं, तो सत्ता में बैठे नेताओ की नैतिक जिम्मेदारी होनी चाहिए कि उस पर जांच हो जबकि आरोप खुद पर लगे हो।
उन्होंने कहा कि जिस मामले में मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़े लोगों पर सवाल उठ रहे हों, तब इस मामले की जांच सीबीआई ,किसी केंद्रीय जांच एजेंसी या हाईकोर्ट के मौजूदा जज से करवाई जानी चाहिए, ताकि पीड़ितों को न्याय और जनता को सच्चाई मिल सके।
अनुराधा बंगा ने कहा कि अदालत और राष्ट्रीय महिला आयोग की इस मामले में सक्रियता के बावजूद सरकार की चुप्पी चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार की ओर से पुलिस पर सहयोग करने की बजाय धमकाने, घर से सीसीटीवी फुटेज ले जाने और पीड़िता की कथित आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल किए जाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि ये आरोप सही हैं तो यह केवल भ्रष्टाचार का नहीं बल्कि महिलाओं की सुरक्षा, पुलिस व्यवस्था और कानून के राज से जुड़ा बेहद गंभीर सवाल है।
उन्होंने मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी से मांग की कि वे राजनीतिक या पारिवारिक प्रभाव से ऊपर उठकर पीड़ितों के साथ खड़े हों और निष्पक्ष जांच का रास्ता साफ करें।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस जालंधर से मनदीप कौर, शबनम, गुरमीत जॅसी, रणजीत कौर, सुखविंदर कैले, रविना बंगा और राखी शर्मा सहित अन्य महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थीं।