बिलगा में दिनदहाड़े महिला से 20 हजार की लूट
महिला बैंक से पैसे निकलवा घर लौट रही थी तो दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने झपटा मार बैग छीन हुए फरार
जालंधर/ नकोदर - एस एन एन
जिला जालंधर की तहसील नकोदर के गांव बिलगा में दिनदहाड़े लूटपाट की एक घटना सामने आई है। बिलगा गांव में बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उनसे 20,000 रुपए की नकदी छीन ली और मौके से फरार हो गए।
पट्टी नीलोवाल निवासी महिला दलजीत कौर बैंक शाखा से पैसे निकालकर अपने घर की ओर लौट रही थीं। जैसे ही वह बिलगा गांव के पास पहुंचीं, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लुटेरों ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पातीं, लुटेरों ने झपट्टा मारकर उनसे 20,000 रुपये से भरा बैग/नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद दोनों लुटेरे अपनी तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार होकर मोसाहिब गांव की ओर भाग निकले। अचानक हुई इस वारदात से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल बन गया है।
पीड़िता ने इसकी सूचना बिलगा पुलिस थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस को पीड़िता की ओर से लिखित शिकायत मिल गई है। पुलिस ने क्षेत्र की नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारी दिलबाग सिंह ने दावा किया है कि सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों की पहचान जल्द ही कर ली जाएगी। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त मामला दर्ज किया जाएगा।