भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का लिया संकल्प
जनता का भाजपा के प्रति बढ़ रहा विश्वास: राकेश राठौर
जालन्धर । बी बी आई टी न्यूज
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जालंधर के पूर्व मेयर राकेश राठौर ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में भाजपा का जनसंपर्क अभियान तेज करते हुए आज न्यू दशमेश नगर फेज-2, ढिलवां रोड, रामा मंडी स्थित वार्ड नंबर 8 में स्थानीय निवासियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
भाजपा युवा नेता नितिन पाठक के सहयोग से यह बैठक हरदीप सिंह के निवास स्थान पर आयोजित की गई। इस अवसर पर भाजपा जिला जालंधर के पूर्व अध्यक्ष रमन पब्बी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान राकेश राठौर ने स्थानीय निवासियों के साथ संवाद करते हुए उनके विचारों और सुझावों को सुना तथा भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा, नीतियों और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा जनहित में किए जा रहे कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति का मुख्य उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनसेवा, विकास और समाज के प्रत्येक वर्ग का उत्थान करना है।
राकेश राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश के गरीबों, युवाओं, महिलाओं, किसानों और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर स्थानीय निवासियों ने भी अपने विचार साझा किए और भाजपा नेताओं के साथ विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।