एच.एम.वी. में दो दिवसीय राज्य स्तरीय विज्ञान मेले का आयोजन
जालंधर । नूपुर महेन्द्रू
हंसराज महिला महाविद्यालय में प्राचार्या डॉ. एकता खोसला के मार्गदर्शन में पंजाब स्टेट काउंसिल फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी के सहयोग से दो दिवसीय भव्य राज्य स्तरीय विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में पद्मश्री प्रो. एच.सी. वर्मा मुख्य अतिथि, आईआईटी रोपड़ के निदेशक डॉ. राजीव आहूजा, प्रसिद्ध वैज्ञानिक श्री बी.के. त्यागी तथा डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी के सचिव श्री अरविंद छई विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मेले में विज्ञान, गणित, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग, पर्यावरण संरक्षण, जल एवं मिट्टी परीक्षण, खगोल विज्ञान सहित विभिन्न विषयों पर प्रदर्शनियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। पंजाब के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने विज्ञान मॉडल, प्रोजेक्ट और नवाचार प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए। कार्यक्रम के समापन पर विजेता विद्यार्थियों और भाग लेने वाले स्कूलों के प्राचार्यों को सम्मानित किया गया।
प्राचार्या डॉ. एकता खोसला ने आयोजन की सफलता के लिए कार्यक्रम समन्वयकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में वैज्ञानिक जिज्ञासा, नवाचार और सीखने की भावना को मजबूत करते हैं।