जालन्धर का हरप्रीत सिंह उर्फ टिंसी हेरोइन तस्करी व हवाला मामले में गिरफ्तार
दुबई से हवाला के जरिए 9 लाख रुपए पाकिस्तान तस्करों को पहुंचाने का आरोप
जालन्धर/जैतसर :- एस एन एन
जालंधर के हरप्रीत सिंह उर्फ टिंसी को दुबई से हवाला के जरिए पाकिस्तानी तस्करों तक 9 लाख रुपये पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह गिरफ्तारी करीब 20 दिन पहले श्रीगंगानगर जिले में पाकिस्तानी ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन के मामले से जुड़ी हुई है।
जालंधर के हरप्रीत सिंह उर्फ टिंसी की गिरफ्तारी ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब और राजस्थान तक फैले एक बड़े ड्रग तस्करी नेटवर्क की परतें खोल दी हैं। सूतरों के मुताबिक दुबई से हवाला के जरिए भेजी गई रकम का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के जरिए होने वाली हेरोइन तस्करी को फंड करने में किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, हरप्रीत सिंह उर्फ टिंसी ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उसने दुबई से हवाला के माध्यम से 9 लाख रुपये पाकिस्तानी तस्करों तक पहुंचाए थे। यह रकम श्रीगंगानगर सीमा क्षेत्र के जरिए भेजी जाने वाली हेरोइन की खेप के बदले दी गई थी।
जांच में मिली जानकारी अनुसार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए 10.5 किलो हेरोइन भारतीय सीमा में गिराई गई थी। इसके बाद इस खेप को सीमा क्षेत्र से उठाकर पंजाब के नेटवर्क तक पहुंचाने की जिम्मेदारी अलग-अलग लोगों को सौंपी गई थी। 26 जून को पुलिस ने जैतसर के पास कार्रवाई करते हुए 9 किलो 908 ग्राम हेरोइन और 1.40 लाख रुपये नकद बरामद किए थे। इस मामले में अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं।
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह मामला सिर्फ ड्रग तस्करी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें हवाला, सीमा पार तस्करी और ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल से जुड़े संगठित नेटवर्क की भूमिका भी सामने आ रही है।